World Cup 2023, IND (India) vs NZ (New Zealand) ODI Pitch Report HPCA Stadium, Dharamshala Weather Forecast Today: आईसीसी वनडे क्रिकेट विश्व कप 2023 में आज 21वां मुकाबला खेला जाएगा। ये मैच काफी अहम है क्योंकि ये मुकाबला टेबल टॉपर चुनेगा। मुकाबला है भारत और न्यूजीलैंड के बीच। दोनों ही टीमें विश्व कप 2023 में विजय रथ पर सवार हैं। दोनों ने अबतक खेले 4 में से 4 मैच जीते हैं। दोनों में से किसी एक का विजयरथ आज रुक जाएजा। मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन मैदान पर खेला जाएगा।
ऐसी रही है दोनों के बीच भिड़ंत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे क्रिकेट इतिहास में कुल 116 बार भिड़ंत हुई है। इसमें से 58 बार बाजी भारत के और 50 बार न्यूजीलैंड के हाथ लगी है। 7 बार मैच का कोई परिणाम नहीं निकला और एक मैच दोनों के बीच टाई समाप्त हुआ। भारतीय सरजमीं पर टीम इंडिया ने 29 और न्यूजीलैंड ने 14 मुकाबले एक दूसरे के खिलाफ जीते हैं।साल 1975 से अबतक भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्व कप में कुल 9 बार भिड़ंत हुई है जिसमें से पांच बार कीवी टीम और 3 बार टीम इंडिया जीत दर्ज करने में सफल रही है। एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकला। कुल मिलाकर न्यूजीलैंड का विश्व कप में भारत के खिलाफ पलड़ा भारी रहा है।
भारत-न्यूजीलैंड मैच में कैसी होगी पिच रिपोर्ट? (IND vs NZ Pitch Report)
भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को जिस पिच पर मुकाबला खेला जाएगा वो मैच की पूर्व संध्या पर हरी दिखाई पड़ रही है। लेकिन मैच से पहले पिच की घास को काटे जाने की पूरी संभावना है। इसके बावजूद पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए स्विंग और उछाल मौजूद होगा। इस मैदान पर रविवार को खेले जाने वाले मुकाबले से पहले कुल 7 वनडे मैच खेले जा चुके हैं। जिसमें से सभी टीमों के कप्तानों ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मौसम में ठंडक की वजह से रात में दूधिया रोशनी में ओस भी गिरती है जिससे दूसरी पारी में गेंदबाजी करना मुश्किल हो जाता है। ओस का असर दूसरी पारी में भी जरूर पड़ेगा और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए लक्ष्य का पीछा करना आसान हो सकता है।
आज कैसा होगा धर्मशाला का मौसम? (Dharamshala Weather Today)
शनिवार को धर्मशाला में धूप खिली रही लेकिन रविवार को धर्मशाला में बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान भी मैच के शुरू होने के वक्त तकरीबन 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दोपहर दो से तीन बजे की बीच बारिश की संभावना 51 प्रतिशत तक है। हालांकि इसके बाद बारिश की संभवना में गिरावट की भी आशंका जताई गई है। मैच में बारिश थोड़ी बहुत बाधा डाल सकती है लेकिन इस वजह से रद्द नहीं होगा।
न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग 11:
विल यंग, डेवोन कॉन्वे, केन विसियमसन(कप्तान), रचिन रवींद्र, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सेंटनर, मार्क हेनरी, लॉकी फर्ग्युसन/ईश सोढ़ी, ट्रेंट बोल्ट।
भारत की संभावित प्लेइंग 11:
रोहित शर्मा(कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल(विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, सूर्यकुमार यादव/ईशान किशन, शार्दुल ठाकुर/मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज।
