
IND vs NZ LIVE Highlights: 'विराट' जीत के साथ पॉइंट टेबल में टॉप पर पहुंची टीम इंडिया
विराट कोहली की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया मौजूदा वर्ल्ड कप में विजय रथ पर सवार है। वनडे वर्ल्ड कप के 21वें मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया। टीम की यह लगातार पांचवीं जीत है। इसी जीत के साथ भारत 10 अंक के साथ पॉइंट टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। वहीं, न्यूजीलैंड की यह मौजूदा वर्ल्ड कप में लगातार 4 जीत के बाद पहली हार है। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 273 रन बनाए। डिरेल मिचले ने 130 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला। उन्होंने 100 गेंदों पर 7 चौके और 4 छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया। इसके अलावा रचिन रवींद्र ने अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, टॉम लाथम कप्तानी पारी नहीं खेल पाए। वे महज 5 रन पर आउट हो गए। शार्दुल ठाकुर की जगह टीम में शामिन हुए मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा 5 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 12 गेंद शेष रहते 6 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वे अर्धशतक से महज 4 रन दूर रह गए। शुभमन गिल बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वे 26 रन पर आउट हो गए। वहीं, वर्ल्ड कप के डेब्यू में सूर्यकुमार यादव दो रन पर रन आउट हो गए। वहीं, लड़खड़ाई टीम को विराट कोहली ने संभाला। उन्होंने 104 गेंदों पर 8 चौके और 2 छक्के की मदद से 95 रन बनाए। हालांकि, वे शतक से चूक गए। रवींद्र जडेजा ने 39 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लॉकी फर्ग्यूसन ने सबसे ज्यादा 2 विकेट चटकाए।