क्रिकेट

Women's World Cup 2025: भारत से हार के बाद पाकिस्तान की बड़ी मुश्किल, ICC ने सुना दी सजा

Women's World Cup 2025: महिला विश्व कप 2025 में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान की टीम को धूल चटा दी है। भारत के खिलाफ मिली हार के बाद भी पाकिस्तान की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। अब आईसीसी ने टीम की प्रमुख खिलाड़ी को सजा सुना दी है।

Image

सिद्रा अमीन (फोटो- AP)

Women's World Cup 2025: पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज सिदरा अमीन को भारत के खिलाफ महिला विश्व कप मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन के लिए फटकार मिली है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को जारी अपने बयान में बताया कि अमीन के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है।

भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अमीन ने शानदार 81 रन की पारी खेली, लेकिन उनकी टीम 247 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 159 रन पर ऑलआउट हो गई। अमीन की कोशिशों के बावजूद पाकिस्तान को 88 रन से हार का सामना करना पड़ा।

40वें ओवर में बल्ला पटकने की घटना बनी विवाद की वजह

आईसीसी के अनुसार यह घटना पाकिस्तान की पारी के 40वें ओवर में हुई। जब भारतीय ऑलराउंडर स्नेह राणा ने सिदरा अमीन को आउट किया, तो वह गुस्से में अपना बल्ला जोर से पिच पर मारती हुई दिखाई दीं। इस हरकत को आईसीसी ने खेल की भावना के विपरीत माना और इसे आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के तहत उल्लंघन बताया।

आईसीसी ने जारी किया बयान

आईसीसी ने अपनी विज्ञप्ति में कहा कि “सिदरा को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते पाया गया है, जो ‘अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़ों, मैदानी उपकरणों या खेल में इस्तेमाल होने वाली किसी वस्तु के अनादर’ से संबंधित है।”आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि सिदरा अमीन का यह 24 महीने की अवधि में पहला उल्लंघन है।

अमीन ने स्वीकार किया अपना अपराध, सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी

आईसीसी के मुताबिक, सिदरा अमीन ने अपने आचरण की गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी शैंड्रा फ्रिट्ज द्वारा प्रस्तावित दंड को मान लिया। इस वजह से औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं रही।यह आरोप मैदानी अंपायर लॉरेन एगेनबैग, निमाली परेरा, तीसरे अंपायर केरिन क्लास्ते और चौथे अंपायर किम कॉटन ने लगाए थे।

लेवल-1 उल्लंघन पर अधिकतम सजा 50% मैच फीस तक

आईसीसी के नियमों के अनुसार, लेवल-1 के उल्लंघन के लिए न्यूनतम दंड आधिकारिक फटकार है, जबकि अधिकतम सजा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत कटौती और एक या दो डिमेरिट अंक हो सकती है।

पाकिस्तान टीम पर फिर आई अनुशासनिक निगाहें

यह घटना ऐसे समय में आई है जब पाकिस्तान महिला टीम पहले ही लगातार हार से जूझ रही है। सिदरा अमीन, जो टीम की सबसे अनुभवी बल्लेबाजों में से एक हैं, अब अनुशासनात्मक फटकार के कारण और भी दबाव में होंगी। टीम प्रबंधन उम्मीद करेगा कि वह इस घटना से सबक लेकर आने वाले मैचों में अपने प्रदर्शन और आचरण दोनों में सुधार करें।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article