Yuvraj Singh to Arshdeep Singh: IPL 2026 के लिए प्लेऑफ की चार टीमें तय हो चुकी हैं। पॉइंट टेबल में पहले नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दूसरे नंबर पर गुजरात टाइटंस, तीसरे पर सनराइजर्स हैदराबाद और चौथे पर राजस्थान रॉयल्स की टीमें हैं। राजस्थान ने रविवार को मुंबई को हराकर जैसे ही चौथा पायदान हासिल किया, वैसे ही पंजाब किंग्स (PBKS) की टीम का आईपीएल 2026 में सफर खत्म हो गया। भले ही अब पंजाब की टीम का सफर IPL से खत्म हो गया हो, लेकिन उसके खिलाड़ी सोशल मीडिया पर लगातार छाए हुए हैं।
युवराज सिंह ने लगाई फटकार
इसी बीच पंजाब के स्पिनर हरप्रीत बरार ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की। जिसमें उनके साथ अर्शदीप सिंह और प्रियांश आर्य नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस तस्वीर में प्रियांश आर्य के ऊपर स्लॉगर और अर्शदीप सिंह के ऊपर ब्लॉगर लिखा। इस फोटो के पोस्ट होते ही पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह ने इस पर एक ऐसा कमेंट किया, जिसकी चर्चा चारों तरफ हो रही है। इस कमेंट को पढ़ने के बाद फैंस भी सोच में पड़ गए हैं। देखें तस्वीर-
युवराज सिंह ने इस तस्वीर पर पंजाबी में कमेंट किया, 'तुहाडे सारियां दे चप्पलां दा टाइम हो गया है हूं।' इसका हिंदी में मतलब हुआ, 'अब आप सभी की चप्पलों से पिटाई होने का समय आ गया है।' दरअसल, युवराज सिंह पर्दे के पीछे से भारतीय क्रिकेट का भविष्य संवारने का काम कर रहे हैं। इस तस्वीर में दिख रहे तीनों क्रिकेटर युवराज सिंह से क्रिकेट के गुर सीखते हैं और उन्हें अपना गुरू मानते हैं। वह बीच-बीच में अपने शिष्यों को ऐसे ही समझाने का काम करते रहते हैं। शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा भी युवराज सिंह को अपना गुरू मानते हैं। वहीं संजू सैमसन ने भी युवराज सिंह से क्रिकेट की बारीकियों को लेकर पिछले दिनों बात की थी।
