भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जाने वाले ऐतिहासिक मुकाबले में टीम इंडिया 3 बदलाव के साथ उतरी। इस मुकाबले में हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। 1-1 से बराबर 3 मैच की वनडे सीरीज में यह मुकाबला सीरीज डिसाइडर था। लेकिन टीम इंडिया को इस मुकाबले में बिना अपने प्राइम गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के उतरना पड़ा। बीसीसीआई ने बुमराह को लेकर जानकारी साझा की जिसमें बताया गया कि वह इंजर्ड हैं। बीसीसीआई ने जसप्रीत बुमराह को लेकर एक पोस्ट किया जिसमें उसने लिखा 'जसप्रीत बुमराह को कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में फील्डिंग करते समय बाएं घुटने में चोट लग गई थी। बाएं घुटने में सूजन के कारण वे तीसरे वनडे के लिए उपलब्ध नहीं थे।
बुमराह ने अब तक खेले गए दो मुकाबलों में 2 विकेट चटकाए थे। पहले मुकाबले में उन्होंने 9 ओवर में 31 रन देकर एक जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने 10 ओवर में 45 रन देकर एक विकेट चटकाया था। इतना ही नहीं उन्होंने दूसरे मुकाबले में बल्ले से भी कमाल दिखाया था और 20 रन की अहम पारी खेली थी।
जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में प्रिंस यादव को खेलने का मौका मिला। लॉर्ड्स में टीम इंडिया 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरी। प्रिंस यादव के अलावा अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर ब्रार को गेंदबाजी लाइनअप में शामिल किया गया। इसके अलावा केएल राहुल की भी वापसी हुई। वाशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे आज का मुकाबला नहीं खेल रहे हैं।
आज के मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत (प्लेइंग XI): रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा
इंग्लैंड (प्लेइंग XI): बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, जोश टंग
