IND vs SA 1st T20,भारत ने आसानी से द.अफ्रीका को पहले टी20 में दी मात, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स
- Authored by: SIddharth Sharma
- Updated Dec 11, 2025, 11:36 PM IST
द.अफ्रीका के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम ने जीत के साथ धमाकेदार आगाज कर दिया है। टीम ने द.अफ्रीका को 101 रनों से मात दे दी है। इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त भी बना ली है। आइए जानते हैं मैच भारत के कैसे जीता
कल का मैच कौन जीता भारत बनाम द.अफ्रीका पहला टी20 (फोटो- AP)
भारतीय क्रिकेट टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए द.अफ्रीका के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मैच में 101 रनों से विशाल जीत दर्ज कर ली है। ओडिशा के कटक स्थित बारामती स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर से टॉस हार गए और उन्हें बल्लेबाजी करनी पड़ी। भारत की शुरुआत खराब रही और एक समय लग रहा था कि स्कोर कम बनेगा लेकिन हार्दिक पांड्या ने विस्फोटक पारी खेलकर टीम के स्कोर को 175 तक ले जाने का काम किया। इसके जवाब में द.अफ्रीका की टीम शुरुआत से ही लगातार विकेट गंवाती गई और ब्रेविस के अलावा कोई भी बल्लेबाज लय में नहीं दिखा, जिसके चलते टीम बुरी तरह हार गई।
किसने जीता टॉस:
दक्षिण अफ्रीका ने पहले टी20 मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
भारत की खराब शुरुआत
भारतीय टीम ने जब बल्लेबाजी शुरू की, तब शुरुआत धीमी और संघर्षपूर्ण रही। लुंगी एनगिडी ने अपने शुरुआती दो ओवरों में ही चोट से वापसी कर रहे शुभमन गिल और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट करके दो बड़े झटके दिए। शानदार लय में चल रहे यानसेन के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने एक छक्का जड़कर हाथ खोला, लेकिन वह शुरुआती ओवरों में संघर्ष करते दिखे। तिलक वर्मा ने छठे ओवर में यानसेन के खिलाफ दो चौके लगाए, जिससे टीम ने पावर प्ले में दो विकेट पर 40 रन बनाए। अभिषेक ने सिपामला के खिलाफ दो चौके लगाए लेकिन ओवर की तीसरी गेंद पर फाइन लेग बाउंड्री के पास यानसेन ने शानदार कैच लपक कर उनकी 17 रन की पारी को खत्म किया। तिलक वर्मा और अक्षर पटेल ने इसके बाद संभलकर बल्लेबाजी की और अगले कुछ ओवरों में दौड़कर रन चुराने पर ध्यान केंद्रित किया; इस दौरान तिलक ने एनरिक नोर्किया के खिलाफ डीप स्क्वायर लेग की दिशा में शानदार छक्का जड़ा। भारतीय खिलाड़ी हालांकि रन गति को तेज करने के लिए जूझते दिखे। इस बीच एनगिडी ने 12वें ओवर में तिलक वर्मा को आउट कर मैच की अपनी तीसरी सफलता हासिल की, जिससे भारतीय टीम 12 ओवर के बाद चार विकेट पर 78 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी।
हार्दिक की विस्फोटक पारी
एशिया कप के बाद चोट से वापसी कर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे पंड्या ने क्रीज पर आते ही केशव महाराज के खिलाफ दो बड़े छक्के जड़कर रन गति को तेज किया। दूसरे छोर से अक्षर ने सिपामला की गेंद को दर्शकों के पास भेजकर भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया, हालांकि वह अगली गेंद पर प्वाइंट क्षेत्र में फरेरा को कैच दे बैठे। पंड्या पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा और उन्होंने नोर्किया पर करारे प्रहार कर दो चौके लगाए। दूसरे छोर से शिवम दुबे ने एनगिडी के खिलाफ दो चौके लगाकर उनका अच्छा साथ दिया, लेकिन वह 18वें ओवर में फरेरा की पहली गेंद पर बोल्ड हो गए। भारत ने 19वें ओवर में 18 रन बटोरे, जिसमें पंड्या ने सिपामला के खिलाफ छक्का और चौका जड़ा जबकि जितेश शर्मा (नाबाद 10) ने भी एक छक्का लगाया। पंड्या ने आखिरी ओवर में नोर्किया के खिलाफ छक्के के साथ 28 गेंद की अपनी नाबाद पारी में चार छक्कों और छह चौकों की मदद से 59 रन बनाकर इस प्रारूप में अपना छठा अर्धशतक पूरा किया और भारत को छह विकेट पर 175 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी ने चार ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि लुथो सिपामला को दो और डोनोवन फरेरा को एक सफलता मिली।
दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी ध्वस्त: टी20 का न्यूनतम स्कोर
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह से बिखर गई और केवल 12.3 ओवर में 74 रन पर सिमट गई। टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह दक्षिण अफ्रीका का सबसे छोटा स्कोर है। अर्शदीप सिंह ने पारी की दूसरी गेंद पर क्विंटन डिकॉक को आउट कर भारत को बेहतरीन शुरुआत दी और अपने अगले ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स को भी पवेलियन भेज दिया। कप्तान एडेन मारक्रम ने कुछ आक्रामक शॉट खेले लेकिन अक्षर पटेल ने उन्हें छठे ओवर में बोल्ड कर दिया।
पंड्या ने गेंद से भी दिखाया कमाल, बुमराह का शतक पूरा
बल्ले से अपना छठा टी20 अर्धशतक जड़ने वाले पंड्या ने गेंद थामते ही अनुभवी डेविड मिलर (एक रन) का अहम विकेट लेकर मैच पर भारत की पकड़ मजबूत कर दी। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका को कोई मौका नहीं दिया। वरुण चक्रवर्ती ने फरेरा और खतरनाक होते मार्को यानसेन को बोल्ड कर दिया। जसप्रीत बुमराह ने अगले ओवर में डेवाल्ड ब्रेविस (22 रन, दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा) को आउट करके टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपने विकेटों का सैंकड़ा पूरा किया, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि थी।
भारतीय गेंदबाजों का सामूहिक प्रदर्शन
भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन सामूहिक और घातक रहा। अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को दो-दो सफलताएं मिलीं, जबकि शिवम दुबे को भी एक विकेट प्राप्त हुआ। दक्षिण अफ्रीका के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने 22 रन का सर्वाधिक योगदान दिया, जबकि स्टब्स और मारक्रम ने 14-14 रन बनाए। यह गेंदबाजी आक्रमण की सटीकता और दबदबे का ही नतीजा था कि दक्षिण अफ्रीका की पारी बहुत जल्दी समाप्त हो गई।
रनों के लिहाज से भारत की बड़ी जीत
रनों के लिहाज से 101 रन की यह जीत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की तीसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज है, जिसने श्रृंखला में भारत को 1-0 की मजबूत बढ़त दिला दी है। भारत ने इससे पहले नवंबर 2024 में दक्षिण अफ्रीका को 135 रन से और दिसंबर 2023 में 106 रन से हराया था। हार्दिक पंड्या के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन ने यह सुनिश्चित किया कि भारत श्रृंखला की शुरुआत जीत के साथ करें। श्रृंखला का अगला मुकाबला अब शुक्रवार को खेला जाएगा।
प्लेयर ऑफ द मैच:
हार्दिक पांड्या को 28 गेंदों पर 59 रन और एक शानदार विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया है।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पांचवे टी20 मैच का लाइव स्कोर की हर अपडेट (IND Vs SA Live Score Today Match) के लिए जुड़े रहे हमारे साथ।