क्रिकेट

मुंबई इंडियन्स ने दी गुजरात टाइटन्स को रोमांचक एलिमिनेटर मुकाबले में मात, देखें मैच हाइलाइट्स और सभी डिटेल्स

हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियन्स की टीम ने गुजरात टाइटन्स को 20 रन के अंतर से मात देकर आईपीएल 2025 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में एंट्री कर ली है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

Image

गुजरात टाइटन्स बनाम मुंबई इंडियन्स, कल का एलिमिनेटर मैच कौन जीता

बड़े मैचों का दबाव झेलने में माहिर मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा और जॉनी बेयरस्टो की आक्रामक पारियों के दम पर गुजरात टाइटंस को शुक्रवार को आईपीएल एलिमिनेटर में 20 रन से हराकर दूसरे क्वालीफायर में जगह बना ली। अब मुंबई का सामना रविवार को पंजाब किंग्स से होगा जिसमे जीतने वाली टीम तीन जून को अहमदाबाद में फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से खेलेगी।

सुदर्शन के आउट होते ही पलटी बाजी

मुंबई ने रोहित (50 गेंद में 81) और बेयर्स्टो (22 गेंद में 47) की पारियों के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 228 रन बनाये। जवाब में आईपीएल के इस सत्र में सर्वाधिक रन बनाने वाले साइ सुदर्शन के 49 गेंद में 80 रन के बावजूद गुजरात की टीम छह विकेट पर 208 रन ही बना सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई। गुजरात ने 16वें ओवर तक मैच अपनी जद से निकलने नहीं दिया लेकिन सुदर्शन के विकेट के बाद मुंबई ने शिकंजा कस लिया। जसप्रीत बुमराह ने अपने चिर परिचित यॉर्कर पर वॉशिंगटन सुंदर (24 गेंद में 48 रन) को बोल्ड किया। इसके बाद रिचर्ड ग्लीसन की गेंद पर स्कूप शॉट खेलने के प्रयास में सुदर्शन चूके और उनका स्टम्प उखड़ गया।

आखिरी 12 गेंद में 36 रन नहीं बना पाया गुजरात

गुजरात को आखिरी दो ओवर में 36 रन चाहिये थे और दो खब्बू बल्लेबाज राहुल तेवतिया और शेरफान रदरफोर्ड क्रीज पर थे । आखिरी ओवर में 24 रन की जरूरत थी और मुंबई के लिये इस मैच के जरिये पदार्पण करने वाले ग्लीसन ने तीन ही रन दिये।

गुजरात ने रोहित को दिए दो जीवनदान

इससे पहले गुजरात की फील्डिंग भी बहुत ही लचर रही और उसने तीन अहम कैच टपकाये जिनमें से दो रोहित के और एक सूर्यकुमार यादव (20 गेंद में 33 रन) के थे। रोहित को पावरप्ले में दो जीवनदान मिले जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया। पहले गेराल्ड कोएत्जी ने डीप में उनका कैच छोड़ा और फिर गुजरात के लिये पदार्पण करने वाले कुसल मेंडिस ने मोहम्मद सिराज की गेंद पर विकेट के पीछे कैच टपकाया।

रोहित और बेयर्स्टो ने खेली आतिशी पारी

बेयर्स्टो (22 गेंद में 47 रन) ने पावरप्ले में आक्रामक खेलते हुए मुंबई को शानदार शुरूआत दी। इंग्लैंड टीम से बाहर इस बल्लेबाज ने हाल ही में यॉर्कशर के लिये काउंटी क्रिकेट में लगातार दो अर्धशतक लगाये हैं । वह इस मैच से ही मुंबई टीम से जुड़े हैं। पावरप्ले में स्पिनर साइ किशोर के आने पर रोहित ने भी हाथ खोलने शुरू किये। मुंबई के पूर्व कप्तान ने दो चौके और एक छक्का लगाकर टीम को छठे ओवर में बिना किसी नुकसान के 79 रन तक पहुंचाया जो इस सत्र में पावरप्ले में मुंबई का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। अधिकांश बल्लेबाज अफगानिस्तान के धुरंधर स्पिनर राशिद खान को संभलकर खेलते हैं लेकिन अपनी लय में आने पर रोहित ने उन्हें भी नहीं बख्शा और स्लॉग स्वीप पर छक्का जड़ दिया।

मुंबई ने 10 ओवर में बनाए थे 113/1 रन

मुंबई का स्कोर दस ओवर में एक विकेट पर 113 रन था। भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार ने कोएत्जी का स्वागत दो छक्को के साथ किया। तिलक वर्मा ने भी 11 गेंद में 25 रन बनाये जिसमें तीन छक्के शामिल थे। कप्तान हार्दिक पंड्या ने 20वें ओवर में कोएत्जी को दो छक्के लगाकर मुंबई को 225 के पार पहुंचाया।

मैन ऑफ द मैच

81 रन की आतिशी पारी खेलकर मुंबई को 228 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले रोहित शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article