क्रिकेट

Women's Asia Cup 2022: कप्तान हरमनप्रीत ने किसे दिया खिताबी जीत का श्रेय

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 15, 2022, 05:04 PM IST

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शनिवार को एशिया कप के फाइनल में धमाकेदार अंदाज में श्रीलंका को मात देकर सातवीं बार खिताब पर कब्जा कर लिया। जानिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जीत का श्रेय किसे दिया।

Image

Indian-Womens-Cricket-Team

सिल्हट: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का विजय अभियान इंग्लैंड दौरे के बाद एशिया कप में भी जारी रहा। बांग्लादेश की मेजबानी में आयोजित महिला एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 8 विकेट से रौंदकर 7वीं बार खिताब पर कब्जा कर लिया।

गेंदबाजों ने ढाया कहर, महज 65 रन बना पाई श्रीलंकाई टीम

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम को भारतीय गेंदबाजों ने विकेट पर नहीं टिकने दिया और 20 ओवर में 9 विकेट पर केवल 65 रन का स्कोर खड़ा करने दिया। रेणुका ठाकुर ने 5 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इसके बाद जीत के लिए मिले 66 रन के लक्ष्य को भारत ने स्मृति मंधाना की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 8.2 ओवर में 8 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।

गेंदबाजों को देना चाहिए जीत का श्रेय

टीम की खिताबी जीत का श्रेय गेंदबाजों को देते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, हमें अपने गेंदबाजों को जीत का श्रेय देना चाहिए। हमारी फील्डिंग भी पहली गेंद से शानदार थी। हमने मैच से पहले चर्चा की थी कि एक भी रन हमें आसानी से नहीं देना है।

अपने पिच का किया सही आकलनहरमनप्रीत ने आगे कहा, आपको पिच का मिजाज अच्छी तरह समझकर उसके अनुसार फील्डिंग लगानी होती है। हमने विकेट के सही आकलन किया और उसी के अनुसार फील्डिंग सजाई। बल्लेबाजी के दौरान हमारा ध्यान स्कोरबोर्ड पर नहीं था, हम केवल पांच-पांच ओवर का लक्ष्य निर्धारित करके बल्लेबाजी कर रहे थे। लक्ष्य के बारे में बिलकुल भी नहीं सोचा और केवल गेंद की वरीयता और परिस्थिति के अनुसार बैटिंग की।

रेणुका बनीं प्लेयर ऑफ द मैच

पांच रन देकर तीन विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज रेणुका सिंह ने कहा कि पिछले कुछ मैचों में लचर प्रदर्शन के बाद वह इस मैच में बेहतर करना चाहती थीं। प्लेयर ऑफ द मैच बनीं इस खिलाड़ी ने कहा, ' मैं बहुत खुश हूं क्योंकि पिछले कुछ मैचों में मैंने अच्छी गेंदबाजी नहीं की। मैंने अपने कोच और सहयोगी सदस्यों के साथ अभ्यास किया और उन्होंने वास्तव में मुझे अपनी लय वापस लाने में मदद की मैंने बस अपने बेसिक्स पर ध्यान दिया और सफलता हासिल की। मेरी पूरी टीम ने मेरा बहुत अच्छा समर्थन किया और इसका श्रेय मेरे कप्तान, कोच और सहयोगी सदस्यों को को जाना चाहिए।'

एक इकाई के रूप में प्रदर्शन करके मिली जीत

अपने चार ओवरों में सिर्फ सात रन देने वाली हरफनमौला दीप्ति शर्मा टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गयीं। दीप्ति ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने जाने के बाद कहा, 'पहले मैच से आज तक हमने जिस तरह से एक इकाई के रूप में प्रदर्शन किया उससे वास्तव में खुश हूं। हमने मैच से पहले जिस योजना के बारे में चर्चा की थी उसे अंजाम देने में सफल रहे। मैंने उन चीजें पर ध्यान दिया जिसमें मैं मजबूत हूं। इस चीजों ने मुझे इस टूर्नामेंट में बहुत मदद की। यहां के विकेट धीमे थे और इस टूर्नामेंट से पहले, मैंने अपनी बल्लेबाजी पर बहुत काम किया। इस तरह की बल्लेबाजी सत्र ने वास्तव में मेरी मदद की। यह जीत हमें आगामी श्रृंखला में भी बहुत आत्मविश्वास देगी।'
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article