क्रिकेट

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे सवालों की फिरकी में फंसे केएल राहुल, कहा-मेरे पास नहीं है जवाब

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया की कमान संभाल रहे केएल राहुल पहले वनडे की पूर्व संध्या पर सवालों की फिरकी में फंस गए और उन्हें कहना पड़ा की मेरे पास इसका जवाब नहीं है।

Image

केएल राहुल (फोटो क्रेडिट BCCI X)

रांची: कार्यवाहक वनडे कप्तान केएल राहुल ने रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाले पहले वनडे मैच से पहले स्वीकार किया कि उनकी टीम की स्पिन के खिलाफ लगातार संघर्ष करना विशेषकर घरेलू पिचों पर, चिंता का विषय है लेकिन उनके पास भारत की पारंपरिक रूप से मजबूती में आई गिरावट का कोई जवाब नहीं है। उनकी यह टिप्पणी पिछले दो सत्र में टेस्ट क्रिकेट में घरेलू पिचों पर स्पिनरों के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजी लाइन-अप के बार-बार कमजोर पड़ने के चिंताजनक पैटर्न के बीच आई है जिसमें कभी भारत का दबदबा हुआ करता था।

स्पिन के खिलाफ क्यों हुए कमजोर?

न्यूजीलैंड ने 2024 में और फिर दक्षिण अफ्रीका ने हाल में भारत को क्रमश: 3-0 और 2-0 से हराया। राहुल ने कहा,'हमने पिछले कुछ सत्र में स्पिन अच्छी तरह नहीं खेली है। मुझे सच में नहीं पता कि हम पहले क्यों कर पाते थे और अब क्यों नहीं कर पा रहे। मेरे पास कोई निश्चित जवाब नहीं है। हम बस इतना कर सकते हैं कि व्यक्तिगत रूप से और बतौर बल्लेबाजी समूह यह देखें कि कैसे बेहतर हो सकते हैं।' उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों को तकनीकी और रणनीतिक बदलावों की तलाश करनी होगी और यह एक लंबी प्रक्रिया होगी। राहुल ने कहा,'यह रातोंरात नहीं बदलने वाला। हम सुधार की जरूरतों को देखेंगे और उम्मीद है कि श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला तक हम बेहतर तरीके से तैयार रहेंगे। हम उन सीनियर खिलाड़ियों से भी सलाह लेंगे जिन्होंने स्पिन बहुत अच्छी तरह खेली है।'

अपनी तकनीक में करना होगा सुधार

इसी पर चिंता व्यक्त करते हुए पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने हाल में कहा था कि स्पिन के खिलाफ भारत की लचर बल्लेबाजी ने उन्हें शायद दुनिया की सबसे कमजोर स्पिन खेलने वाली टीमों में से एक बना दिया है। राहुल ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों को व्यक्तिगत तौर पर जवाब ढूंढ़ने होंगे और अगर वे स्पिन के खिलाफ अपनी पारंपरिक बढ़त वापस पाना चाहते हैं, तो अपनी तकनीक में सुधार करना होगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक रांची की पिच का मुआयना नहीं किया है लेकिन पिछले वनडे के आधार पर बल्लेबाजी के लिए अच्छे विकेट की उम्मीद है। उन्होंने कहा, 'इतिहास देखें तो यह रन बनाने वाली पिच है। हम कल इसका आकलन करेंगे और ऐसी टीम चुनेंगे जो हमें जीतने का सबसे अच्छा मौका दे।'

विराट और रोहित की ड्रेसिंग रूम में मौजूदगी है अहम

विराट कोहली के कड़े ट्रेनिंग सत्र के बारे में पूछे जाने पर राहुल ने वनडे प्रारूप में स्ट्राइक रोटेशन के महत्व को स्वीकार किया। उन्होंने कहा,'वनडे में एक एक रन भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं जितने चौके-छक्के। विराट इसमें माहिर हैं। हम सभी उनसे सीखते रहते हैं। वह वापसी को लेकर उत्साहित हैं और उनकी मौजूदगी हमेशा अहम होती है।' कोहली और रोहित शर्मा दोनों टीम में लौट रहे हैं। राहुल ने कहा,'किसी भी समय उन दोनों का महत्व बहुत बड़ा है। टीम में सीनियर खिलाड़ियों का होना ड्रेसिंग रूम को अधिक आत्मविश्वास देता है। हम बहुत खुश हैं कि वे यहां हैं। जीत सबसे जरूरी चीज है और हम उसी पर ध्यान दे रहे हैं।'

कब मिलेगा रुतुराज गायकवाड़ को मौका?

राहुल ने रविंद्र जडेजा की भी वापसी का स्वागत किया जो मार्च में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद पहली बार टीम से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा,'जड्डू ने भारत के लिए बार बार अच्छा प्रदर्शन किया है। उनका अनुभव हमारे लिए बहुत बड़ा है।' राहुल ने कहा कि रुतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ी एक स्थिर शीर्ष क्रम के कारण नियमित रूप से बाहर रह जाते हैं लेकिन मौके आएंगे।

प्लेइंग-11 में शामिल होंगे पंत?

राहुल ने कहा कि अंतिम एकादश बाद में तय की जाएगी और उन्होंने ऋषभ पंत को शुरुआत देने के बारे में कुछ नहीं कहा। हालांकि यह माना कि पंत सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर भी खेल सकते हैं। हालांकि जो संकेत मिल रहे हैं, उससे लगता है कि पंत अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं होंगे। अभ्यास सत्र में राहुल ने विकेटकीपिंग की। उन्होंने कहा, ‘‘वह लंबे समय से टीम के साथ हैं और सभी जानते हैं कि वह टीम के लिए क्या कर सकते हैं। कभी-कभी आपको अपने मौके का इंतजार करना पड़ता है। अगर वह अंतिम एकादश में होंगे तो निश्चित रूप से विकेटकीपिंग वही करेंगे।'

मैच देखने आ सकते हैं एमएस धोनी

महेंद्र सिंह धोनी के अपने शहर में मैच देखने आने की संभावना पर, राहुल ने कहा कि उनकी मौजूदगी टीम को भी ऊर्जा देती है। उन्होंने कहा,'हम सब एमएस को देखकर बड़े हुए हैं। अगर वह स्टेडियम में होंगे, तो खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों में उत्साह बढ़ेगा।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article