Mohammed Siraj receives best fielder medal: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के अपने पहले मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आयरलैंड को धूल चटा दी। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम केवल 96 रनों पर ऑलआउट हो गई। वहीं इस छोटे से लक्ष्य को भारत ने 12.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। मैच में भारत की गेंदबाजी और बल्लेबाजी के साथ-साथ फील्डिंग भी दमदार रही। ऐसे में इसे सराहने के लिए एक बार फिर से फील्डिंग कोच द्वारा बेस्ट फील्डर का मेडल दिया गया। हालांकि मेडल के विजेता का नाम सुनकर रोहित-कोहली अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
मैच में पहले गेंदबाजी करते हुए हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाजी की बदौलत मेन इन ब्लू ने आयरिश टीम को 96 रन पर रोक दिया। जहां हार्दिक ने तीन विकेट लिए, वहीं बुमराह ने तीन ओवर में 2/6 का आंकड़ा दर्ज किया, जिसमें एक मेडन भी शामिल था।
भारत को रन चेज के दौरान कुछ शुरुआती दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जब विराट कोहली सस्ते में आउट हो गए। लेकिन कप्तान रोहित शर्मा के अर्धशतक और ऋषभ पंत के उपयोगी योगदान की बदौलत एशियाई दिग्गज टीम ने आसानी से फिनिशिंग लाइन पार कर ली।
मोहम्मद सिराज को मिला बेस्ट फील्डर का मेडल
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने आयरलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले गैरेथ डेलानी को रनआउट करने के लिए शानदार फील्डिंग का प्रदर्शन किया और सभी का दिल जीत लिया। सिराज को इसी के लिए बेस्ट फील्डर का अवॉर्ड सौंपा गया। टीम प्रबंधन ने न्यूयॉर्क में रहने वाले एक युवा भारतीय प्रशंसक को तेज़ गेंदबाज़ को पदक देने के लिए बुलाया। सिराज बेहद खुश दिखे और खुशी में लड़के को गले लगा लिया। युवा लड़के ने अपने पसंदीदा क्रिकेटर अर्शदीप सिंह से भी मुलाकात की और साथ में एक तस्वीर क्लिक की। इसे देखकर रोहित और कोहली के चेहरे पर हंसी आ गई।
