क्रिकेट

Wasim Jaffer Exclusive Interview: तीन-चार साल खेल सकते थे विराट, सीरीज को लेकर जाफर की भविष्यवाणी (वीडियो)

Wasim Jaffer Exclusive Interview: भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज और गिल की कप्तानी में टीम इंडिया को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने स्पोर्ट्सनाउ से खास बातचीत की है। उन्होंने अपनी इस बातचीत में न केवल गिल की कप्तानी की तारीफ की है बल्कि सीरीज को लेकर भी भविष्यवाणी कर दी है।

Image

वसीम जाफर इंटरव्यू (साभार-TNN)

Wasim Jaffer Exclusive Interview: भारतीय और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। पहला मुकाबला गंवाने के बाद जिस तरह से टीम इंडिया ने एजबेस्टन टेस्ट जीतकर वापसी की वह काबिले तारीफ है। भारतीय टीम के इंग्लैंड दौरे को लेकर टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर ने स्पोर्ट्सनाउ से खास चर्चा की। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया अगर अच्छी फील्डिंग करती और पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 30-40 रन और बना लेती तो हम सीरीज में 2-0 से आगे होते। उन्होंने कहा कि 2 टेस्ट के 10 दिन में हमने 9 दिन इंग्लैंड के खिलाफ डॉमिनेट किया है। इसके अलावा उन्होंने भारतीय क्रिकेट और टीम के युवा खिलाड़ियों पर खुलकर अपनी बात रखी है जिसके मुख्य अंश इस प्रकार हैं।

घरेलू क्रिकेट खेलने पर जोर

वसीम जाफर ने युवा खिलाड़ियों को सलाह दी कि वह घरेलू क्रिकेट खेलने पर जोर डालें। उन्होंने कहा 'हर खिलाड़ी को 3-4 सीजन घरेलू क्रिकेट में लगाना चाहिए, जहां से आपके अंदर वह विश्वास जगता है और दबाव को झेलने का हुनर सीखते हैं। मुझे लगता है कि ये सभी क्रिकेटर घरेलू क्रिकेट खेलकर आए हैं। आईपीएल जरूरी है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट खेलने की नींव घरेलू क्रिकेट से ही आती है।

गिल की कप्तानी पर जाफर की राय

गिल की तारीफ करते हुए जाफर ने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि कप्तानी उन्हें और भी बेहतर बल्लेबाज बनाएगी। गिल ने जिस तरह से टीम को नेतृत्व किया है वह काबिले तारीफ है। वह तीनों फॉर्मेट खेलने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं। आगे वह बतौर कप्तान और बल्लेबाज और भी निखर कर सामने आएंगे।

रोहित-विराट के टेस्ट संन्यास पर जाफर

वसीम जाफर से जब रोहित-विराट के टेस्ट से संन्यास पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह रोहित के फैसले से तो हैरान नहीं थे, लेकिन विराट के निर्णय ने उन्हें जरूर चौंकाया। मुझे लगता है कि विराट में 3-4 साल का टेस्ट क्रिकेट बाकी था।

टीम इंडिया को जाफर की सलाह

वसीम जाफर ने मौजूदा टीम इंडिया को एक सलाह दी। उन्होंने कहा कि लोअर ऑर्डर बल्लेबाजी में थोड़ा योगदान देना शुरू कर दें तो यह भारतीय टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। उन्होंने कुलदीप की वकालत की और कहा कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में होना चाहिए।

वसीम जाफर ने की भविष्यवाणी

भारत-इंग्लैंड सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। इस सीरीज के परिणाम को लेकर वसीम जाफर ने भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया यह सीरीज 3-1 या 3-2 से जीत सकती है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article