क्रिकेट

IPL 2026 के बीच वानखेड़े स्टेडियम में बना रवि शास्त्री स्टैंड, जानिए किस दिन होगा अनावरण

वानखेड़े स्टेडियम में प्रेस बॉक्स के नीचे स्थित ’लेवल एक स्टैंड’ का नाम भारत के पूर्व कप्तान और जाने-माने कमेंटेटर रवि शास्त्री के नाम पर रखा जाएगा। यह सम्मान उन्हें मुंबई और भारतीय क्रिकेट में एक खिलाड़ी, कप्तान और कोच के तौर पर दिए गए उनके बेहतरीन योगदान के लिए दिया जा रहा है।

Image

रवि शास्त्री (फोटो साभार- AP)

मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) बृहस्पतिवार को वानखेड़े स्टेडियम में नए ’रवि शास्त्री स्टैंड का अनावरण करने के अलावा दिलीप सरदेसाई, एकनाथ सोलकर और डायना इडुल्जी के नाम पर स्टेडियम के गेट समर्पित करके अपने महान क्रिकेटरों को सम्मानित करेगा। इस अनावरण समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाईक भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे। साथ ही शीर्ष परिषद के सदस्य, पदाधिकारी और क्रिकेट जगत से जुड़े अन्य लोग भी उपस्थित रहेंगे। इन दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित करने का फैसला एमसीए की शीर्ष परिषद ने फरवरी में हुई बैठक में लिया था।

रवि शास्त्री के नाम पर स्टैंड का नाम

इस पहल के तहत वानखेड़े स्टेडियम में प्रेस बॉक्स के नीचे स्थित ’लेवल एक स्टैंड’ का नाम भारत के पूर्व कप्तान और जाने-माने कमेंटेटर रवि शास्त्री के नाम पर रखा जाएगा। यह सम्मान उन्हें मुंबई और भारतीय क्रिकेट में एक खिलाड़ी, कप्तान और कोच के तौर पर दिए गए उनके बेहतरीन योगदान के लिए दिया जा रहा है। इसके अलावा गेट नंबर तीन, गेट नंबर पांच और गेट नंबर छह का औपचारिक रूप से क्रमश: ’दिलीप सरदेसाई गेट’, ’डायना इडुल्जी गेट’ और ’एकनाथ सोल्कर गेट’ के रूप में अनावरण किया जाएगा। नाईक ने कहा, ’’यह समारोह मुंबई क्रिकेट के लिए एक गर्व का क्षण है क्योंकि हम नौ अप्रैल को इन महान हस्तियों को सम्मानित करने के लिए एक साथ जुट रहे हैं। रवि शास्त्री स्टैंड का अनावरण और साथ ही दिलीप सरदेसाई, एकनाथ सोल्कर और डायना इडुल्जी के नाम पर स्टेडियम के गेट समर्पित करना इन महान हस्तियों के अमूल्य योगदान के प्रति हमारे गहरे सम्मान को दर्शाता है।’’

रवि शास्त्री का कैसा रहा है रिकॉर्ड

रवि शास्त्री का क्रिकेट करियर बहुत ही शानदार रहा है। उन्होंने न सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर बल्कि एक कमेंटेटर और कोच के रूप में भारतीय क्रिकेट में बेहद ही उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 3830 रन बनाने के अलावा 151 विकेट भी लिए हैं। वहीं वनडे क्रिकेट में उन्होंने 3108 रन बनाए और 129 विकेट अपने नाम किए। रवि शास्त्री ने साल 1985 में रणजी ट्रॉफी में मुंबई की तरफ से खेलते हुए बड़ौदा के खिलाफ एक ओवर में 6 छक्के लगाने का बेहद ही अनोखा कारनामा किया था। इससे उन्होंने सर गैरी सोबर्स के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article