क्रिकेट

विराट कोहली और वॉशिंगटन सुंदर ने की सिंहाचलम स्थित श्री वराह लक्ष्मी नरसिम्हा मंदिर में पूजा-अर्चना

विराट कोहली और वॉशिंगटन सुंदर ने विशाखापट्टनम के सिंहाचलम पर्वत में स्थित वराह लक्ष्मी नरसिम्हा मंदिर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में जीत के बाद पूजा-अर्चना की।

Image

विराट कोहली

विशाखापट्टनम: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, उनके परिवार के सदस्यों और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने रविवार को विशाखापट्टनम के श्री वराह लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। भारतीय टीम ने शनिवार को यहां तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।

मंदिर के अधिकारियों ने कोहली और उनके परिवार का स्वागत किया और उन्हें दर्शन के लिए ले गए। दर्शन करने से पहले उन्होंने पारंपरिक कप्पस्थम्भम अलिंगनम (पवित्र स्तंभ को गले लगाना) अनुष्ठान में भाग लिया। अधिकारी ने पीटीआई को बताया,'कोहली अपने परिवार के सदस्यों और भारतीय टीम के अपने कुछ साथियों के साथ मंदिर में दर्शन करने के लिए आए थे।' उन्होंने बताया कि दर्शन के बाद पुजारियों ने नादस्वरम की ध्वनि के साथ वेद आशीर्वाद का पाठ किया। पुजारियों ने खिलाड़ियों को मंदिर का पवित्र वस्त्र दिया और देवस्थानम की ओर से उन्हें भगवान का चित्र और प्रसाद भेंट किया।

जानिए सिंहाचलम मंदिर का इतिहास

श्री वराह लक्ष्मी नरसिम्हा मंदिर विशाखपट्टनम के सिंहाचलम पर्वत पर स्थित एक प्राचीन और दिव्य तीर्थस्थल है। यह मंदिर विष्णु अवतार भगवान नरसिम्हा को समर्पित है। इस मंदिर को श्रद्धा, भव्यता तथा आध्यात्मिक वैभव का अद्वितीय प्रतीक माना जाता है। इस मंदिर में पूरे देश से लाखों भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर समुद्रतल से 300 मीटर ऊपर सिंहाचलम पर्वत पर स्थित है इसलिए स्थानीय लोग इसे सिंहाचलम मंदिर के नाम से भी पुकारते हैं। मंदिर के गर्भगृह में विराजित भगवान विष्णु नरसिम्हा की मूर्ति शिवलिंग की तरह दिखाई देती है, क्योंकि उनपर चंदन का लेप चढ़ाया जाता है। यह चंदन हर वर्ष अक्षय तृतीया के दिन हटाया जाता है इस दिन मूल रूप के दर्शन होते हैं, इसके बाद फिर से मूर्ति का चंदन का लेप कर दिया जाता है।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article