क्रिकेट

VHT 2025-26: विराट कोहली का फिर चला बल्ला, दिल्ली ने गुजरात को दी रोमांचक मुकाबले में 7 रन से मात

विराट कोहली और ऋषभ पंत के शानदार अर्धशतकों के दम पर दिल्ली ने विजय हजारे ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी के मैच में शुक्रवार को गुजरात पर सात रन की रोमांचक जीत दर्ज की।

Image

विराट कोहली मैन ऑफ द मैच अवार्ड लेते हुए(फोटो क्रेडिट RCB X)

बेंगलुरू: विराट कोहली और ऋषभ पंत के शानदार अर्धशतकों के दम पर दिल्ली ने विजय हजारे ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी के मैच में शुक्रवार को गुजरात पर सात रन की रोमांचक जीत दर्ज की। गुजरात की टीम लक्ष्य का पीछा करते समय अच्छी स्थिति में थी लेकिन उनके बल्लेबाजों के गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण टीम को मैच गंवाना पड़ा। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कोहली (61 गेंद में 77) और पंत (79 गेंद में 70 रन) ने दिल्ली को 50 ओवर में नौ विकेट पर 254 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। गुजरात की टीम 47.4 ओवर में 247 रन पर आउट हो गई।

कोहली और पंत दोनों की बल्लेबाजी उनके नैसर्गिक खेल से अलग दिखी। कोहली ने जहां आक्रामक बल्लेबाजी की वहीं पंत ने बड़े शॉट खेलने पर दौड़कर रन चुराने को तरजीह दी। प्रियांश आर्य के आउट होने के बाद क्रीज पर आये कोहली ने चिंतन गाजा के खिलाफ शानदार ड्राइव कर चार रन बटोरे। एक छोर से जहां दिल्ली के बल्लेबाज जहां संघर्ष कर रहे थे वहीं दूसरी छोर से कोहली बेखौफ बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने गाजा के खिलाफ पुल शॉट पर छह रन बटोरने के बाद अर्जुन नगवासवाला के खिलाफ फ्लिक शॉट पर छक्का जड़ा। उन्होंने रवि बिश्नोई के खिलाफ कवर क्षेत्र में शानदार चौके के साथ लिस्ट ए क्रिकेट में अपना 85वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 29 गेंद में 10 चौके और एक छक्का की मदद से अपना पचासा पूरा किया।

बायें हाथ के स्पिनर विशाल जायसवाल (42 रन पर चार विकेट) ने उनकी पारी का अंत कर लगातार दूसरा शतक पूरा करने से रोक दिया। जायसवाल ने कोहली से पहले नीतीश राणा (12) और अर्पित राणा (10) को भी चलता किया। कोहली जब आउट हुए तब टीम का स्कोर चार विकेट पर 108 रन था। पंत ने इसके बाद जोखिम लेने से बचते हुए बल्लेबाजी की। उन्होंने 64 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। पंत ने हर्ष त्यागी (40) के साथ 73 रन की साझेदारी कर दिल्ली की पारी को स्थिरता दी। सिमरजीत सिंह और इशांत शर्मा ने आखिरी विकेट के लिए 19 रन जोड़ कर दिल्ली को 250 रन के पार पहुंचाया।

आर्यन देसाई (57) के अर्धशतक से गुजरात ने लक्ष्य का पीछा करते हुए मजबूत शुरुआत की। देसाई ने पहले विकेट के लिए उर्विल पटेल (31) के साथ 67 और दूसरे विकेट के लिए अभिषेक देसाई के साथ 54 रन की साझेदारी की। टीम ने एक विकेट पर 121 रन के स्कोर के बाद 23 रन के अंदर आर्यन, अभिषेक, जयमीत पटेल और हेमांग पटेल के विकेट गंवा दिया। सौरव चौहान (49) ने इसके बाद छठे विकेट के लिए जायसवाल के साथ 69 रन की साझेदारी कर गुजरात को मैच में बनाये रखा। सिमरजीत सिंह ने चौहान को आउट किया जिसके बाद टीम ने एक बाद लगातार अंतराल पर विकेट गंवा दिये।

ग्रुप के अन्य मैचों में सेना को महज 83 रन पर आउट करने के बाद ओडिशा ने चार विकेट से जीत दर्ज की। आंध्र ने रेलवे को नौ विकेट पर 266 रन पर रोकने के बाद 44.4 ओवर में रिकी भुई की 76 और नीतीश कुमार रेड्डी की नाबाद 55 रन की पारी से लक्ष्य हासिल कर छह विकेट से जीत दर्ज की। हरियाणा ने 11 ओवर शेष रहते सौराष्ट्र को छह विकेट से हराया। सौराष्ट्र की टीम हार्विक देसाई की 101 रन पारी के बावजूद 253 रन पर आउट हो गयी। यशवर्धन दलाल ने नाबाद 164 रन की पारी के साथ हरियाणा को आसान जीत दिला दी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article