Virat Kohli's 53rd ODI Century: विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में अपने शानदार फॉर्म को रायपुर में भी जारी रखा है। रांची में 135 (120) रन की आतिशी पारी खेलने वाले विराट रायपुर में 102(93) रन बनाकर आउट हुआ। दो साल लंबे अंतराल के बाद विराट वनडे फॉर्मेट में लगातार दो शतक जड़ने में सफल हुए हैं।
रायपुर में रोहित शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद विराट कोहली पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे। विराट ने रायपुर में भी अपनी पारी वहीं से शुरू की जहां उन्होंने रांची में खत्म की थी। विराट ने यशस्वी जायसवाल के आउट होने के बाद रुतुराज गायकवाड़ के साथ मोर्चा संभाला। विराट ने अपना अर्धशतक 47 गेंद में 3 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। विराट ने इसके बाद अपनी पारी में तेजी दिखाई और 90 गेंद में 7 चौके और 2 छक्के की मदद से वनडे करियर का रिकॉर्ड 53वां शतक पूरा कर लिया।
वनडे में 11वीं बार जड़ी बैक टू बैक सेंचुरी
विराट दो साल बाद लगातार दो वनडे मैच में शतक जड़ने में सफल हुए। विराट ने करियर में रिकॉर्ड 11वीं बार ये कारनामा किया है। उनके बाद इस मामले में दूसरे पायदान पर एबी डिविलियर्स हैं जो 6 बार करियर में डबल धमाल कर सके। विराट अपनी एकदिवसीय क्रिकेट की 53वीं शतकीय पारी को बड़ा नहीं कर सके और 102 रन बनाकर लुंगी नगिडी की गेंद पर एडेन मार्करम के हाथों लपके गए। विराट 40वें ओवर की पहली गेंद पर पवेलियन वापस लौटे। तबतक टीम ने 284 रन बना लिए थे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले प्लेयर
विराट का यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दसवां अंतरराष्ट्रीय शतक है। वो सचिन तेंदुलकर के बाद प्रोटियाज के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में साझा रूप से दूसरे सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सचिन तेंदुलकर ने 103 पारी में द. अफ्रीका के खिलाफ 12 शतक जड़े वहीं विराट इस मुकाम पर महज 72वीं पारी में पहुंचे हैं। विराट के अलावा केन विलियमसन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 46 पारी में, डेविड वॉर्नर 72 पारी में और रिकी पॉन्टिंग ने 102 पारी में 10-10 शतक जड़े हैं।
