क्रिकेट

वरुण चक्रवर्ती के लिए गोल्डन ईयर साबित हुआ 2025, बनाए ये बड़े रिकॉर्ड

भारत के मिस्ट्री स्पिनर का गोल्डन रन साल के आखिरी मुकाबले में भी जारी रहा। 5वें और आखिरी मुकाबले में उन्होंने फोरफर के साथ फिनिश किया और भारत को मुकाबले में और सीरीज में जीत दिला दी। इसके साथ ही उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

Image

वरुण चक्रवर्ती (साभार-BCCI)

भारतीय मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने शानदार तरीके से साल 2025 का अंत किया। अहमदाबाद में खेले गए 5वें और आखिरी टी20 मुकाबले में वरुण ने साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों को अपनी फिरकी पर खूब नचाया और 4 विकेट चटकाकर जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके साथ ही वरुण ने साल का अंत शानदार तरीके से किया। इस फॉर्मेट में उन्होंने टेस्ट प्लेइंग नेशन के सबसे सफल गेंदबाज के तौर पर फिनिश किया। इतना ही नहीं उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में भारत के लिए दूसरे सबसे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

इस साल 20 मैचों और 18 पारियों में वरुण ने 13.19 के औसत और 7.08 की इकॉनमी रेट से 36 विकेट लिए हैं, जिसमें एक फाइफर और एक फोर-फर शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/24 रहा है। उन्होंने साल 2025 में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में पाकिस्तान के मोहम्मद नवाज (36 विकेट) की बराबरी कर ली है।

एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो वह भारत के 'स्विंग किंग' भुवनेश्वर कुमार से एक विकेट पीछे रहे, जिन्होंने 2022 में 19.56 के औसत से 37 टी20 विकेट चटका कर लेकर एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड हासिल किया था।

साउथ अफ्रीका है वरुण की खास पसंद

वरुण को दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजी करना रास आता है। आखिरी मुकाबले में भी उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनके नाम आठ मैचों में 11.36 के औसत से 22 विकेट हो गए हैं, जिसमें उनकी इकॉनमी रेट 8.06 रही, साथ ही उनके नाम एक फाइफर और एक फोरफर है।

मैच की बात करें तो, प्रोटियाज ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी सौंपी। सलामी बल्लेबाज सैमसन (22 गेंदों में 37 रन, चार चौके और दो छक्के सहित) और अभिषेक (21 गेंदों में 34 रन, छह चौके और एक छक्का सहित) ने मात्र 5.4 ओवर में 63 रन की साझेदारी करके भारत को तूफानी शुरुआत दी। सैमसन और कप्तान सूर्यकुमार यादव (5) के आउट होने के बाद थोड़ी लड़खड़ाहट के बाद, तिलक (42 गेंदों में 73 रन, 10 चौके और एक छक्का सहित) और हार्दिक ने चौथे विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की, जिससे भारत ने 20 ओवर में 231/5 का स्कोर बनाया। कॉर्बिन बॉश (2/44) दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे। उसके बाद भारत ने जसप्रीत बुमराह के 3 और वरुण चक्रवर्ती के 4 विकेट के दम पर अफ्रीकी बल्लेबाजों को 201 रन पर रोक कर मुकाबला 30 रन से और सीरीज 3-1 से अपने नाम कर लिया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article