क्रिकेट

Vaibhav Suryavanshi Debut Inning: वैभव सूर्यवंशी ने की आईपीएल करियर की वैभवशाली शुरुआत, छोटी सी आतिशी पारी में छोड़ी अमिट छाप

आईपीएल इतिहास के मैदान पर उतरने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए अपनी डेब्यू पारी में वैभवशाली पारी खेली और करोड़ों भारतीय प्रशंसकों के दिल जीत लिए।

Vaibhav Suryavanshi

वैभव सूर्यवंशी(साभार IPL/BCCI)

जयपुर: 14 साल 23 दिन की उम्र में आईपीएल करियर की शुरुआत करने वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। इसके बाद उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए पारी की शुरुआत करते हुए पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपना खाता खोला। शार्दुल ठाकुर की गेंद को वैभव ने कवर्स की दिशा में शानदार अंदाज में छक्के के लिए भेज दिया। इसके बाद उन्होंने अपना आक्रामक रुख बरकरार रखा और पारी की तीसरी गेंद पर आवेश खान के खिलाफ छक्का जड़ दिया। 3 गेंद में 13 रन बनाकर वैभव ने ये संदेश लखनऊ के नवाबों को दे दिया कि उन्हें बच्चा समझने की भूल ना करें।

वैभव ने खेली 20 गेंद में 34 रन की आतिशी पारी

आतिशी शुरुआत के बाद वैभव ने संयम से बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी को सिंगल्स लेकर स्ट्राइक जी और पिच पर डटे रहे। उन्होंने यशस्वी के साथ मिलकर अपनी टीम को 4.3 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों इसके बाद भी पिच पर डटे रहे और वैभव ने किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं दिखाई और अपनी स्ट्रेंथ के अनुरुप शॉट्स खेलते रहे। लेकिन नौवें ओवर में एडेन मार्करम की गेंद पर वैभव गच्चा खा गए और पंत ने उन्हें स्टंपिंग करके पवेलियन वापस भेज दिया। 170 के स्ट्राइक रेट वाली अपनी पारी में वैभव ने 34(20) रन बनाए और इस दौरान उन्होंने 2 चौके और तीन छक्के जड़े।

छक्के के साथ आईपीएल में खाता खोलने वाले चौथे भारतीय

वैभव और यशस्वी के बीच पहले विकेट के लिए 85 (52) रन की साझेदारी हुई। दोनों ने 27 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। दोनों ने जीत के लिए 181 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तकरीबन आधी दूर तक पहुंचा दिया। अपनी डेब्यू पारी में वैभव सूर्यवंशी ने वैभवशाली पारी खेली। वैभव आईपील इतिहास में छक्के के साथ खाता खोलने वाले चौथे भारतीय बन गए। उनसे पहले अनिकेत चौधरी(2017), सिद्धेश लाड (2019) और समीर रिजवी(2024) ने ऐसा किया था।

आउट होने के बाद हुए भावुक

वैभव सूर्यवंशी आउट होने के बाद पवेलियन लौटते हुए भावुक हो गए। उन्होंने डेब्यू मैच में अर्धशतक की ओर कदम बढ़ा दिए थे लेकिन मार्करम की गेंद पर गच्चा खाकर स्टंपिंग हो गए। वैभव के आखों में आंसू बह रहे थे। पवेलियन लौटने के कुछ देर बाद वो वापस डगआउट में मुस्कुराते हुए दिखाई दिए। भले ही वैभव अर्धशतक से चूक गए लेकिन उन्होंने करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों के दिल जीत लिए।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) अपडेट और भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका लाइव स्कोर (IND Vs SA Live Score) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।

लेटेस्ट न्यूज

नवीन चौहान
नवीन चौहान Author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article