क्रिकेट

नीदरलैंड के खिलाफ जीत को रोहित शर्मा ने बताया परफेक्ट, लेकिन अपनी फिफ्टी पर जताई नाखुशी

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 27, 2022, 05:04 PM IST

भारतीय टीम की नीदरलैंड के खिलाफ 56 रन के अंतर से जीत को कप्तान रोहित शर्मा ने परफेक्ट बताते हुए खुलासा किया है कि पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में मिली जीत की खुमारी को उतराने में लगा टीम को वक्त। लेकिन नीदरलैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़ने के बावजूद अपने प्रदर्शन से खुश नहीं हैं रोहित शर्मा।

Image

रोहित शर्मा(Image Credit: AP)

सिडनी: टी20 विश्व कप 2022 में टीम इंडिया का विजय अभियान गुरुवार को नीदरलैंड के खिलाफ भी जारी रहा। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 179 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में नीदरलैंड की टीम 9 विकेट खोकर 123 रन बना सकी और 56 रन से मैच गंवा दिया।

पाकिस्तान के खिलाफ जीत खुमारी उतरने में लगा वक्त

पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में मिली जीत से उबरकर इस मुकाबले के लिए तैयारी करना कितना मुश्किल था? इसके जवाब में रोहित ने कहा, हम भाग्यशाली थे कि इस मुकाबले से पहले हमारे पास दो दिन थे। उस जीत की खुमारी उतरने में इतना वक्त लगा। वो बेहद विशेष मैच था। इतने बड़े मैच के साथ आप टूर्नामेंट की शुरुआत कर रहे थे। मैच खत्म होने के बाद हम जितनी जल्दी हो सका सिडनी आए। हम दोबारा से एकजुट हुए और कहा कि वो जीत हमारे लिए शानदार रही। अब हमें उस बारे में सोचना है जिसके लिए हम यहां आए हैं। ऐसे में इस मुकाबले से हमें दो अंक अर्जित करने थे। जो कि हम शानदार तरीके से हासिल करने में सफल रहे।

नीदरलैंड के खिलाफ केवल जीत था लक्ष्य

टीम इंडिया की लगातार दूसरी जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने खुशी जताते हुए कहा, ईमानदारी से कहूं तो जब आपसे जीतने की आशा होती है तो दबाब भी ज्यादा होता है। नीदरलैंड ने जिस तरह का शानदार खेल दिखाकर सुपर-12 राउंड में प्रवेश किया। उन्हें उस बात का श्रेय दिया जाना चाहिए। विरोधी टीम के बारे में ज्यादा कुछ सोचे बगैर हमें इस मैच में आकर जीत हासिल करनी थी ये हमारा काम था।'

परफेक्ट रहा नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबला

रोहित ने आगे कहा, ये मैच हमारे लिए परफेक्ट था। ऐसा नहीं कह सकते कि हम शुरुआत को लेकर परेशान थे। पिच थोड़ी धीमी थी और शुरुआत में हम अपने शॉट्स नहीं खेल सके, इसके लिए हमें वक्त लगा। जब मैं और विराट मैदान में थे। हम बड़ी साझेदारी करना चाहते थे। उसके बाद अपने धाकड़ खिलाड़ियों पर तेजी से रन बनाने का जिम्मा सौंपना चाहते थे। लेकिन उन लोगों( विराट और सूर्यकुमार) ने अंत तक बल्लेबाजी की और हमें एक अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद हमने अच्छी गेंदबाजी भी की।

अपने प्रदर्शन से नाखुश हैं हिटमैन

रोहित ने मैच में 39 गेंद में 53 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के भी जड़े। अपनी बल्लेबाजी पर नाखुशी जताते हुए हिटमैन ने कहा, मैं अपनी बल्लेबाजी को लेकर पूरी तरह खुश नहीं हूं। इस पारी को अपने लिए परफेक्ट नहीं कह सकता। बस यह कहा जा सकता है कि मैं कुछ रन बनाने में सफल रहा। रन बना पाना अहम है ये कैसे बने हैं इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। रन टीम के लिए होते हैं। सबसे अहम बात है अपने आत्मविश्वास को बनाए रखना।
नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article