भारत ने वो कर दिखाया है जिसका इंतजार 140 करोड़ देशवासी कर रहे थे। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक लैंडिग करने वाले भारत पहला देश बन गया है। इस ऐतिहासिक पल को कोई भी मिस नहीं करना चाहता था, चाहे वो आम आदमी हो या फिर सात समंदर दूर बैठी टीम इंडिया।
डबलिन से इतिहास का गवाह बनी टीम इंडिया
आयरलैंड दौरे पर टीम इंडिया भी इस इतिहास का गवाह बनी। बीसीसीआई ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी सपोर्ट स्टाफ के साथ इसरो के लाइव टेलीकास्ट को देखते हुए नजर आ रहे हैं। 16 सेकंड के इस वीडियो में जैसे ही विक्रम लैंडर चांद की सतह को छूता है वैसे टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इसका जश्न मना रहे हैं।
इस ऐतिहासिक पल के बाद टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों ने देश और देशवासियों को बधाई दी है। कप्तान रोहित शर्मा ने कहा 'हम यह मुकाम हासिल करने वाले पहले देश बने हैं। यह हम सभी के लिए एक गौरव का क्षण है। विराट कोहली ने भी चंद्रयान की पूरी टीम को बधाई दी। कोहली के अलाव केएल राहुल और हार्दिक पांड्या ने भी देशवासियों को इस ऐतिहासिक पल के लिए शुभकामना दिया है।
