टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर परिवार के साथ छुट्टियां मना रहे हैं। इसी दौरान वह शनिवार को जम्मू और कश्मीर पहुंचे हैं। यहां उन्होंने अपने परिवार के साथ श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा करने के लिए कटरा पहुंचे। यहां सेना के जवान और स्थानीय लोगों ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
मौजूदा समय में भारतीय टीम में बड़े बदलाव की लहर चल रही है। कई रिपोर्ट्स के मुताबिक टी20 टीम की कप्तानी बदली जा सकती है। बीसीसीआई ने टीम इंडिया को तीसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह नए कप्तान के नाम का ऐलान करने की तैयारी कर ली है। टाइम्स नाउ को बीसीसीआई सूत्र द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक संजू सैमसन भारतीय टी20 टीम के नए कप्तान होंगे।
सपोर्ट स्टाफ में भी बदलाव की तैयारी
वहीं, दूसरी तरफ भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ में भी जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पूर्व भारतीय स्पिनर साईराज बहुतुले को टीम इंडिया का नया स्पिन-बॉलिंग कोच बनाए जाने की चर्चा तेज हो गई है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बीसीसीआई से विशेषज्ञ-गेंदबाजी कोच नियुक्त करने की सिफारिश की है। इस अहम जिम्मेदारी के लिए बहुतुले का नाम आगे बढ़ाया है। अगर बीसीसीआई अपनी मंजूरी देता है तो बहुतुले कोचिंग टीम के साथ जुड़ेंगे।
जून से मैदान पर उतरेगी भारतीय टीम
हेड कोच गौतम गंभीर और भारतीय टीम जून 2026 में क्रिकेट के मैदान पर उतरेगी। टीम इंडिया अफगानिस्तान के साथ टेस्ट और टी20 सीरीज खेलेगी। इसके लिए टीम का सेलेक्शन होना है। इसके बाद भारत को जून-जुलाई के बीच कुल 10 टी20 मुकाबले खेलने हैं। ये सीरीज आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे से है।
वहीं, टेस्ट फॉर्मेट में भी भारत, अफगानिस्तान के खिलाफ से डब्ल्यूटीसी 2025-27 साइकल की शुरुआत करेगा और आगे बढ़ने का मौका होगा। भारत को घर पर खेली गई पिछली टेस्ट सीरीज में हार मिली थी। अफगान टीम के साथ भारत को तीन वनडे भी खेलने हैं।
