भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जा रहा सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। चौथी पारी में जीत के लिए 193 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही टीम इंडिया ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट पर 58 रन बना लिए हैं। जीत के लिए मैच के पांचवें और अंतिम दिन भारतीय टीम को 135 रन और बनाने हैं। पहली पारी में दोनों टीमों ने बराबर 387 रन बनाए। दूसरी पारी में इंग्लैंड का प्रदर्शन खराब रहा और पूरी टीम 192 रन पर ढेर हो गई। ऐसे में जीत के लिए 193 रन का आसान लक्ष्य टीम इंडिया को मिल गया। टीम इंडिया मैच में गेंदबाजों की वजह से दबदबा बना सकी। भारतीय गेंदबाज मैच में 20 विकेट चटकाने में सफल रहे। गेंदबाजों ने घातक गेंदबाजी करते हुए इतनी बार स्टंप और गिल्लियां उछालीं की नया रिकॉर्ड बन गया।
एक मैच और पारी में सबसे ज्यादा बोल्ड करने का नया रिकॉर्ड
भारत के गेंदबाजों ने लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में पांच खिलाड़ियों को बोल्ड करके पवेलियन वापस भेजा था। दूसरी पारी में ये संख्या बढ़कर सात पहुंच गई। दोनों पारियों में कुल मिलाकर 12 खिलाड़ी बोल्ड हुए जो कि भारतीय टीम के गेंदबाजों द्वारा एक टेस्ट में सबसे ज्यादा बोल्ड करने का नया रिकॉर्ड है। दूसरी पारी में सात इंग्लिश खिलाड़ी बोल्ड हुए। जो कि एक पारी में विरोधी टीम के खिलाड़ियों को सबसे ज्यादा बार बोल्ड करके पवेलियन भेजने का भारतीय रिकॉर्ड है।
पहली पारी में बुमराह और दूसरी में सुंदर ने किया चार को बोल्ड
लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड के पांच खिलाड़ी बोल्ड हुए थे जिसमें से चार की गिल्लियां उछालकर बुमराह ने पवेलियन वापस भेजा था। एक खिलाड़ी की गिल्लियां मोहम्मद सिराज ने बिखेरी। वहीं दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने चार खिलाड़ियों को बोल्ड करके पवेलियन का रास्ता दिखाया। वहीं दो खिलाड़ियों की गिल्लियां बुमराह ने और एक की आकाशदीप ने बिखेरीं।
