स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने 2026 टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया और सफलता पूर्वक खिताब का बचाव किया। साथ ही तीन बार और होस्ट करते हुए ट्रॉफी जीने वाली पहली टीम बनी। इस मैच के साथ ही एक नए चक्र की शुरुआत होगी। आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2028 एक ऐतिहासिक आयोजन होने की पूरी संभावना है। उसमें भी भारतीय टीम डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगी।
दो साल बाद साल 2028 में टी20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा। इसकी मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी। 11वां संस्करण और रोमांचक होने की पूरी संभावना है। छोटी टीमें अब और मजूबती से आएंगी।
टी20 विश्व कप 2028 की डेट, वेन्यू
2028 का संस्करण 21 अक्टूबर से 19 नवंबर, 2028 तक आयोजित किया जाएगा। यह दूसरी बार है जब ऑस्ट्रेलिया (2022 के बाद) इसकी मेजबानी करेगा और न्यूजीलैंड के लिए यह ऐतिहासिक पल होगा जब वह पहली बार टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा।
यह टूर्नामेंट दुनिया के कुछ सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट स्टेडियमों में खेला जाएगा। हालांकि, डेम थेरेसे वाल्श (नवनियुक्त टूर्नामेंट अध्यक्ष) द्वारा अंतिम वेन्यू की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है, लेकिन 55 मैचों की मेजबानी 7 प्रमुख स्टेडियमों में किया जा सकता है।
इन मैदानों पर खेले जा सकते हैं मैच
ऑस्ट्रेलिया: एमसीजी (मेलबर्न), एससीजी (सिडनी), एडिलेड ओवल और ऑप्टस स्टेडियम (पर्थ)।
न्यूजीलैंड: ईडन पार्क (ऑकलैंड), स्काई स्टेडियम (वेलिंग्टन) और हैगली ओवल (क्राइस्टचर्च)।
कौन-कौन कर चुका है क्वालीफाई?
आईसीसी 2024 में शुरू किए गए 20-टीम प्रारूप को 2028 में भी बरकरार रखेगा जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के समापन तक, 12 टीमों ने पहले ही अपनी जगह पक्की कर ली है। मेजबान होने के नाते ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड पहले ही क्वालीफाई कर चुका है। बाकि 2026 में सुपर-8 तक पहुंचने वाली टीमों में भारत, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और जिम्बाब्वे शामिल हैं। इसके अलावा आईसीसी टी20आई रैंकिंग (कट-ऑफ तिथि 9 मार्च, 2026) के आधार पर अफगानिस्तान, बांग्लादेश और आयरलैंड ने भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
बाकी कैसे करेंगे क्वालीफाई
इनके अलावा 8 टीमों का चयन 2026 के मध्य में शुरू होने वाली एक कठिन क्षेत्रीय क्वालीफिकेशन के माध्यम से किया जाएगा। अमेरिका (केमैन द्वीप समूह) और यूरोप में उप-क्षेत्रीय योग्यता प्रतियोगिताएं पहले से ही निर्धारित हैं, जिससे सहयोगी देशों के लिए बड़े मंच तक पहुंचने का एक स्पष्ट मार्ग सुनिश्चित होता है।
क्या होगा टी20 वर्ल्ड कप 2028 का प्रारूप
आगामी टी20 वर्ल्ड कप का प्रारूप भी 2026 जैसा ही रहेगा, जिसमें पांच-पांच टीमों के चार समूह होंगे। इसके बाद सुपर-8 चरण और नॉकआउट सेमीफाइनल होंगे। तीन बार की मौजूदा चैंपियन भारत 2028 संस्करण में सबसे मजबूत टीम के रूप में उतरेगी।
इस बीच, न्यूजीलैंड टूर्नामेंट जीतने के लिए घरेलू मैदान का फायदा उठाने की कोशिश करेगा। क्योंकि वह एक दशक से लगातार 'शीर्ष चार' में जगह बनाने वाला देश रहा है और 2026 में उपविजेता रहा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया भी दमदार वापसी को बेताब होगा, क्योंकि जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली हार की वजह से उसके आत्मसम्मान को ठेस लगी है।
