क्रिकेट

T20 World Cup: श्रीलंका को पटखनी देकर सेमीफाइनल में पहुंचा इंग्लैंड, टूटा ऑस्ट्रेलिया का सपना

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 5, 2022, 05:01 PM IST

इंग्लैंड ने श्रीलंका को पटखनी देकर टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है। इस मैच के परिणाम के साथ ही डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सका और उसका अपनी धरती पर टी20 विश्व कप जीतने का सपना टूट गया।

Image

England-vs-Sri-Lanka

सिडनी: इंग्लैंड ने श्रीलंका को 4 विकेट के अंतर से मात देकर टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। जीत के लिए मिले 142 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी इंग्लैंड ने धमाकेदार शुरुआत की लेकिन पहला विकेट गंवाने के बाद विजयी लक्ष्य को हासिल करने में उनके पसीने छूट गए। 7.2 ओवर में 75 के स्कोर पर पहला विकेट गंवाने के बाद इंग्लैंड की टीम को विजयी लक्ष्य तक पहुंचने में 111 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर इंग्लैंड को सैम कुरेन के रूप में छठा झटका लगा। इंग्लैंड 19.4 ओवर में विजयी लक्ष्य को हासिल कर पाई। आदिल राशिद को उनकी कसी हुई गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

ऑस्ट्रेलिया हुआ पहले ही दौर में बाहर

श्रीलंका की हार के साथ ही मेजबान और डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में लगातार दूसरी बार पहुंचने का सपना टूट गया। पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार उसे भारी पड़ गई। ऑस्ट्रेलिया के साथ सात अंक की बराबरी के बावजूद वह नेट रन रेट के मामले में पिछड़कर पहले ही दौर में विश्व कप से बाहर हो गया। सुपर-12 के ग्रुप-1 में पहले पायदान पर न्यूजीलैंड और दूसरे पर इंग्लैंड रही है।

बटलर और हेल्स ने दी इंग्लैंड को तूफानी शुरुआत

जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने तूफानी शुरुआत करते हुए 31 गेंद में ही टीम को पचास रन के पार पहुंचा दिया। 6 ओवर में इंग्लैंड ने 70 रन बना लिए थे। लेकिन इसके बाद गेंदबाजी करने आए वनिंदु हसरंगा ने जोस बटलर को आउट करके श्रीलंका की मैच में वापसी करा दी। बटलर ने 23 गेंद में 28 रन बनाए। इसके बाद एलेक्स हेल्स भी हसरंगा की गेंद पर फॉलो थ्रू में लपके गए। उन्होंने 30 गेंद में 47 रन की पारी खेली।

हसरंगा ने कराई वापसी, फिर स्टोक्स ने दिलाई जीत

82 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद एक छोर बेन स्टोक्स ने संभाला। वहीं दूसरी तरफ से लगातार विकेट गिरते गए। वनिंदु के बाद धनंजय डिसिल्वा ने हैरी ब्रूक और मोईन अली को आउट करके इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ा दीं। इसी दौरान लहिरू कुमारा ने लियाम लिविंगस्टोन को भी चलता कर दिया। 14.3 ओवर में इंग्लैंड का स्कोर 5 विकेट पर 111 रन हो गया। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर सैम कुरेन भी लहिरू कुमारा का शिकार बने।

इसके बाद इंग्लैंड ने और कोई विकेट नहीं गंवाया और संयम बरतते हुए अपनी टीम को स्टोक्स ने जीत की रेखा के पार पहुंचा दिया। स्टोक्स 36 गेंद में 42 रन नाबाद रहे उनका साथ अंत में क्रिस वोक्स ने दिया। वो 3 गेंद में 5 रन बनाकर नाबाद रहे।ष

पथुम निशंका के अलावा नहीं चला और कोई श्रीलंकाई

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 141 रन का स्कोर खड़ा किया था। पथुम निशंका के के अलावा और कोई श्रीलंकाई बल्लेबाज इंग्लैंड की कसी हुई गेंदबाजी का सामना नहीं कर सका। निशंका ने 45 गेंद में 67 रन की आतिशी पारी खेली थी। उनके अलावा भानुका राजपक्षे 22 और कुशल मेंडिस 18 रन की पारी खेल सके। श्रीलंका के छह बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े को भी नहीं छू सके।

श्रीलंका नहीं उठा पाया अच्छी शुरुआत का फायदाश्रीलंकाई टीम अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सकी। बीच के ओवरों में आदिल राशिद ने कसी हुई गेंदबाजी करके श्रीलंका की रन गति पर लगाम लगा दी, ऐसे में लगातार विकेट गिरते गए और श्रीलंका की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। मार्क वुड इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने 26 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं एक-एक सफलता बेन स्टोक्स, क्रिस वोक्स, सैम कुरेन और आदिल राशिद की मिली। राशिद ने अपने 4 ओवर में केवल 16 रन देकर एक सफलता हासिल की।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article