क्रिकेट

क्या संजू सैमसन की होगी सुपर-8 राउंड के लिए प्लेइंग-11 में एंट्री? SKY ने दिया दो टूक जवाब

अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा टी20 विश्वकप में लगातार संघर्ष करते दिख रहे हैं। ऐसे में टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में संजू सैमसन की एंट्री के बारे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 राउंड के मुकाबले से पहले कप्तान संजू सैमसन ने रोचक जवाब दिया है।

Image

सूर्यकुमार यादव (फोटो क्रेडिट BCCI X)

अहमदाबाद: भारतीय क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने सुपर-8 राउंड की शुरुआत करने उतरेगी। टीम इंडिया लीग दौर में अजेय रहते हुए सुपर-8 राउंड में पहुंची है। टीम इंडिया ने अपने चार में से चार मैच जीते और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी अपनी विजय अभियान को बरकरार रखना चाहेगी। अभिषेक शर्मा के डक की हैट्रिक टीम इंडिया के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। टूर्नामेंट में अबतक खेले तीन मैच में अभिषेक अपना खाता भी नहीं खोल पाए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अगर उनका खराब फॉर्म जारी रहा तो भारतीय टीम पारी की शुरुआत में ही बैकफुट पर चली जाएगी। अहमदाबाद में संजू सैमसन दो दिन से नेट्स पर जमकर पसीना बहाते नजर आ रहे हैं।

किसे बाहर कर दूं अभिषेक या तिलक?

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया के सुपर-8 राउंड के मुकाबले की पूर्व संध्या पर प्रेस से रूबरू होने कप्तान सूर्यकुमार यादव आए तो टाइम्स नाउ संवाददाता ने संजू सैमसन की प्लेइंग-11 में एंट्री से जुड़ा सवाल दाग दिया। इसके जवाब में सूर्यकुमार ने हंसते हुए कहा,'किसे ड्रॉप कर दूं अभिषेक शर्मा या तिलक वर्मा? तुम्हारा मतलब है, मुझे उसे (सैमसन को) तिलक की जगह खिलाना चाहिए? उन्होंने कहा,'पावरप्ले में सब ठीक चल रहा है। हम 40-50 रन बना रहे हैं। यह सामान्य क्रिकेट है। अब हम द्विपक्षीय मैच में इतना अच्छा खेले हैं। ऐसा होता है। हमें खुद से भी उम्मीदें हैं। 220, 240, 250 रन बनाने की उम्मीद। लेकिन यहां विकेट थोड़े अलग हैं। अब तक हमने जिन चार विकेट पर खेले हैं, वे थोड़े अलग और चुनौतीपूर्ण थे। ऑफ-स्पिनर पहले गेंदबाजी नहीं कर रहे थे, लेकिन अब कर रहे हैं। इसलिए हमने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है और उम्मीद है कि हम अपनी सुपर आठ यात्रा शुरू करते ही इससे निपट लेंगे।'

मैनेजमेंट के निर्देश के मुताबिक खेल रहे हैं तिलक

तिलक वर्मा अबतक विश्व कप में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करने में असफल रहे तिलक का करियर स्ट्राइक-रेट 141 से ज्यादा है लेकिन यह गिरकर 120 के आस-पास आ गया है क्योंकि वह धीमे गेंदबाजों के खिलाफ उन पिचों पर संघर्ष कर रहे हैं जहां गेंद थोड़ी ज्यादा ’ग्रिप’ कर रही होती है। सूर्या ने तिलक का बचाव करते हुए कहा, टीम प्रबंधन ने उसे बताया है कि उसे उसी तरह बल्लेबाजी करनी है। अगर एक विकेट गिर जाता है तो वह निश्चित रूप से, पावरप्ले में जाकर अपना गेम खेल सकता है। लेकिन जैसे ही दो विकेट गिरते हैं तो उसे थोड़ा संभलकर खेलना होगा, फिर से साझेदारी करनी होगी, 10वें ओवर तक पहुंचना होगा और फिर गेंदबाजों को खेलने के लिए आक्रामकता बरतनी होगी।'

अपने प्रदर्शन से खुश नहीं होगा तिलक

सूर्यकुमार ने कहा कि तिलक ने भी अपने लिए ऊंचे मानक तय किए हैं। उन्होंने कहा,'निश्चित रूप से मुझे यकीन है कि वह अभी जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहा है, उससे खुश नहीं होगा। उसने पिछले दो तीन अभ्यास सत्र में काफी अभ्यास किया है। लेकिन मुझे उसके बारे में कोई चिंता नहीं है। वह तीसरे नंबर पर भारत के लिए बहुत अच्छा खेल रहा है और मुझे पूरा भरोसा है कि वह इसे और बेहतर करेगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article