क्रिकेट

Super-8 Qualification Scenario: क्या टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई ऑस्ट्रेलिया, जानें क्या है सुपर-8 में पहुंचने का समीकरण

श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें बढ़ गई। टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की यह लगातार दूसरी हार है। अब उसका सुपर-8 में जाना जिम्बाब्वे की जीत और हार पर निर्भर करेगा। 17 फरवरी को अगर आयरलैंड के खिलाफ जिम्बाब्वे की टीम जीत जाती है तो ऑस्ट्रेलिया का सफर टी20 वर्ल्ड कप में खत्म हो जाएगा।

Image

ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका (साभार-X)

Super-8 Qualification Scenario: श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम पर टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने का खतरा बढ़ गया। पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए करो या मरो मुकाबले में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हरा दिया। श्रीलंका के सामने जीत के लिए 182 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य था, जिसे उसने पथुम निसांका के शानदार शतकीय पारी के दम पर 2 ओवर शेष रहते 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की स्थिति खराब हो गई। निसांका ने 52 गेंद में नाबाद 100 रन जबकि कुसल मेंडिस ने 38 गेंद में 51 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा पवन रत्नायके ने 15 गेंद में नाबाद 28 रन की पारी खेली।

अब सुपर-8 में कैसे पहुंचेगी ऑस्ट्रेलिया

श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम टी20 वर्ल्ड कप से बाहर नहीं हुई है। अगर अब भी उसे सुपर-8 में क्वालीफाई करना है तो सबसे पहले अपना आखिरी मुकाबला जीतना होगा। ऑस्ट्रेलिया का आखिरी मुकाबला 20 फरवरी को ओमान से होगा। हालांकि, जीत के बाद भी उसे जिम्बाब्वे की हार या जीत पर निर्भर करना पड़ेगा। ऑस्ट्रेलिया का काम यहीं खत्म नहीं होगा। अगर 17 फरवरी को जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड मैच में सिकंदर रजा एंड कंपनी की टीम जीत दर्ज करने में कामयाब हो जाती है तो ऑस्ट्रेलिया का सफर खत्म हो जाएगा। ऑस्ट्रेलिया को अब कोई चमत्कार ही सुपर-8 में पहुंचा सकता है। ऑस्ट्रेलिया का सुपर-8 में पहुंचना अब तभी संभव है अगर जिम्बाब्वे अपने बाकी बचे दो मैच हार जाए और ऑस्ट्रेलिया अपने आखिरी मुकाबले में ओमान को भारी अंतर से हरा दे। लेकिन यह संभव नहीं लगता है क्योंकि जिम्बाब्वे जिस तरह की क्रिकेट खेल रही है, उसका आयरलैंड के खिलाफ हारना नामुमकिन है।

प्वाइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलया और जिम्बाब्वे

प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो फिलहाल ऑस्ट्रेलिया की टीम 3 मैच में एक जीत के साथ तीसरे पोजिशन पर है। उनका नेट रन रेट +0.414 है, जबकि जिम्बाब्वे 2 मैच में 2 जीत के साथ दूसरे पोजिशन पर है। उसका नेट रन रेट भी ऑस्ट्रेलिया से बेहतर है। जिम्बाब्वे का मौजूदा नेट रन रेट +1.984 है। अब तक 5 टीम सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। श्रीलंका सुपर-8 में पहुंचने वाली 5वीं टीम बनी है। इससे पहले भारत, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने सुपर-8 में अपनी जगह बना ली है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article