क्रिकेट

DC vs KKR: 'अगले साल के बारे में सोचेंगे...', इस सीजन दिल्ली का हाल बेहाल, कप्तान अक्षर पटेल ने मान ली हार

केकेआर के स्पिनरों ने दिल्ली कैपिटल्स को मात्र 142 पर ही रोक दिया था और ऐसी उम्मीद थी कि दिल्ली के स्पिनर्स भी मुकाबले में रोमांच पैदा करेंगे। हालांकि, केकेआर को दो शुरुआती झटके लगने के बावजूद मेजबान टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के ऊपर दबाव नहीं बना पाई। ऐलन ने एक धुआंधार पारी खेलते हुए कोलकाता को लगातार चौथी जीत दिला दी। इस जीत के साथ केकेआर के खाते में अब 9 अंक हो गए हैं और उन्होंने अंक तालिका में दिल्ली कैपिटल्स को पछाड़ते हुए सातवां स्थान हासिल कर लिया है।

Image

अक्षर पटेल ने प्लेऑफ को लेकर दिया बड़ा बयान।

आईपीएल 2026 का 51वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। कोलकाता ने दिल्ली को 34 गेंद शेष रहते 8 विकेट से मात दी। कोलकाता के लिए फिन ऐलन ने 47 गेंद पर नाबाद 100 रन की पारी खेली। दिल्ली की शर्मनाक हार के बाद कप्तान अक्षर पटेल ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने बाकी बचे मैचों की तैयारी के सवाल पर कहा कि अभी लंबा सफर बाकी है और अगला साल भी आएगा।

अक्षर पटेल के इस बयान से यह साफ हो गया है कि दिल्ली की टीम ने प्लेऑफ की उम्मीद छोड़ दी है। मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान अक्षर पटेल ने यह भी कहा कि वह बेंच पर बैठे खिलाड़ियों के आजमाएंगे। यानी कि दिल्ली के कप्तान बाकी के बचे तीन मैच में बड़ा बदलाव करने करने की सोच रहे हैं।

'दो-तीन ओवर में पांच विकेट गंवाए'

अक्षर पटेल ने कहा, मुझे लगता है कि रन उम्मीद से काफी कम थे और साथ ही स्पिनरों ने भी काफी गलतियां कीं। पिच की स्थिति को देखते हुए, मुझे लगता है कि स्पिनरों ने गलतियां कीं। लेकिन साथ ही, अगर आप ध्यान दें, तो हमने दो-तीन ओवरों में पांच विकेट गंवा दिए और मुझे लगता है कि यहीं से हमारी लय बिगड़ गई। शायद हमें इस बारे में सोचने की जरूरत है क्योंकि सीएसके के खिलाफ भी ऐसा ही हुआ था, हमने अच्छी शुरुआत की थी और फिर अचानक विकेट गिरने लगे।

'मुझे लगता है कि यही करने की जरूरत'

अक्षर ने आगे, देखिए, इसे जटिल तरीके से नहीं सुलझाया जा सकता। जब आशुतोष और मैं बल्लेबाजी कर रहे थे, तो हम सोच रहे थे कि अगर हमने वहां कोई गलती की, तो अगले बल्लेबाज के लिए बहुत मुश्किल हो जाएगी। इसलिए मुझे लगता है कि यह सही मानसिकता अपनाने के बारे में ज्यादा है। भले ही आप एक या दो विकेट खो दें, आप क्रीज पर समय बिता सकते हैं और खेल सकते हैं। मुझे लगता है कि यही करने की जरूरत है, जब विकेट एक साथ गिर रहे हों, तो आपको एक या दो ओवर तक दबाव झेलना होगा।

'अगला साल भी आएगा'

बचे हुए मैचों के लिए कैसे तैयारी करेंगे? पर बोलते हुए दिल्ली के कप्तान ने कहा, फिलहाल हम पीछे मुड़कर देखेंगे और अपनी गलतियों पर विचार करेंगे। उसके बाद, जाहिर है, अभी लंबा सफर बाकी है और अगला साल भी आएगा। इसलिए हम अगले साल के लिए योजनाएं बनाने और रणनीति तय करने के बारे में सोचेंगे। इसके आधार पर, हम बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को भी देखेंगे और तय करेंगे कि किसे मौका दिया जा सकता है और क्या बदलाव किए जा सकते हैं।

8वें स्थान पर काबिज दिल्ली

इस सीजन दिल्ली ने 11 मैच में केवल चार मैच जीते हैं, जबकि सात मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ेगा। वह प्वाइंट्स टेबल में फिलहाल 8वें स्थान पर है। यहां से दिल्ली अगर अपने सभी मुकाबले जीतती भी है तो वह पीछे रह जाएगी। क्योंकि टीम नेट रन रेट से बाकी टीमों से पीछे रह जाएगी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article