क्रिकेट

AUS vs SL: निसांका के नाबाद शतक से श्रीलंका सुपर-8 में पहुंचा, ऑस्ट्रेलिया की राह हुई मुश्किल

Australia Vs Sri Lanka: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दो लगातार हार के साथ ऑस्ट्रेलिया पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। पल्लेकेले में खेले गए रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 181 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने पथुम निसांका के नाबाद 100 रन और कुसल मेंडिस के 51 रन की बदौलत आसान जीत दर्ज की।

SL beat AUS

श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पथुम निसांका की नाबाद शतकीय पारी के बूते श्रीलंका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप बी मैच में सोमवार को ऑस्ट्रेलिया को 12 गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से हराकर सुपर आठ में अपनी जगह पक्की की। निसांका की 52 गेंद में नाबाद 100 रन की पारी से श्रीलंका ने जीत के लिए मिले रिकॉर्ड 182 रन के लक्ष्य को 18 ओवर में दो विकेट गंवाकर आसानी से हासिल कर लिया। निसांका ने अपनी पारी में 10 चौके और पांच छक्के लगाने के अलावा दूसरे विकेट के लिए कुसल मेंडिस (38 गेंद में 51) के साथ 66 गेंद में 97 जबकि पवन रथनायके (15 गेंद में नाबाद 28) के साथ तीसरे विकेट के लिए 34 गेंद में 79 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी।

इस हार के बाद ऑस्ट्रेलिया की सुपर आठ में पहुंचने की उम्मीदें अधर में लटक गई हैं। अब उसे अपने अंतिम मैच में ओमान के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी और बेहतर नेट रन रेट के लिए अन्य परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। जिम्बाब्वे ने अगर आयरलैंड को हरा दिया तो ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप चरण में ही खत्म हो जायेगा।

मार्श और हेड की तूफानी पारी

टॉस गंवाने के बाद कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड के विस्फोटक अर्धशतकों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने मजबूत शुरुआत की। चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाए मार्श ने वापसी करते ही आक्रामक अंदाज अपनाया और 27 गेंदों में 54 रन ठोक डाले। हेड ने भी 29 गेंदों में 56 रन की तूफानी पारी खेली। दोनों ने मिलकर 8.2 ओवर में 104 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया को 200 से अधिक के स्कोर की राह पर ला खड़ा किया।

स्पिनर्स ने कराई वापसी

श्रीलंका के गेंदबाजों ने हालांकि, आखिरी 10 ओवरों में शानदार वापसी की। लेग स्पिनर दुशान हेमंथा (4 ओवर में 37 रन पर 3 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी चार विकेट महज छह रन के अंदर गंवा दिये। 104 रन बिना नुकसान से टीम 130 रन पर चार विकेट गंवाकर संकट में आ गई और फिर उबर नहीं सकी और 181 रन बनाकर सिमट गई।

निसांका की उम्दा पारी

लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। कुसल परेरा 1 रन बनाकर मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर आउट हुए। उनके आउट होते ही दर्शकों से खचाखच भरा पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में कुछ पल के लिए सन्नाटा पसर गया। यहां से पथुम निसांका और कुसल मेंडिस ने जिम्मेदारी उठाई। दोनों ने 66 गेंद पर 97 रन की साझेदारी कर जीत की नींव रख दी।

ऑस्ट्रेलिया की राह मुश्किल

टीम को जब 10 ओवर में 89 रन की जरूरत थी, तब स्टोइनिस ने मेंडिस को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को दूसरी सफलता दिलाई, लेकिन निसांका के सामने ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज बेबस नजर आये। उन्होंने तूफानी अंदाज में बल्लेबाज करते हुए अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा शतक जड़ा। पवन रथनायके ने निसंका के साथ तीसरे विकेट के लिए 34 गेंद पर नाबाद 79 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया की ताबूत में एक और किल ठोक दी। अब उसका सुपर-8 में पहुंचना मुश्किल हो गया है।

दोनों टीमों का स्क्वाड-

ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन- मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, कैमरून ग्रीन, टिम डेविड, जोश इंग्लिस, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, कूपर कॉनोली, एक्जेवियर बर्टलेट, नॉथन एलिस, एडम जंपा

श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन- पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रथनायके, दासुन शनाका (कप्तान), कामिंडु मेंडिस, दुशान हेमंथा, डुनिथ वेलालेज, दुशमंथा चमीरा, महीश तीक्षणा, मथीशा पथिराना

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

उमेश कुमार
उमेश कुमार author

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

End of Article