स्पोर्ट्स

Ranji Trophy Updates: हरियाणा ने हिमाचल प्रदेश को हराया, उत्तराखंड ने रेलवे के खिलाफ ड्रॉ से तीन अंक हासिल किए

Ranji Trophy Updates: रणजी ट्रॉफी में हरियाणा की टीम ने हिमाचल प्रदेश को 7 विकेट से शिकस्त दी। जबकि उत्तराखंड और राजस्थान ने अपने-अपने मैच ड्रॉ होने के बावजूद पहली पारी में बढ़त के आधार पर 3 अंक हासिल किए।

Image

रणजी ट्रॉफी का ताजा अपडेट (BCCI)

Ranji Trophy Updates: हिमांशु राणा और धीरू सिंह की धैर्यपूर्ण पारियों की मदद से हरियाणा ने बुधवार को यहां बंसी लाल क्रिकेट स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी मैच के चौथे और अंतिम दिन हिमाचल प्रदेश को सात विकेट से हरा दिया। हरियाणा के सामने 71 रन का लक्ष्य था लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरी पारी में एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर 26 रन था। इसके बाद हिमांशु राणा (नाबाद 37 रन) और धीरू सिंह (नाबाद 24 रन) में अपनी टीम को 18.1 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचाया। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 51 रन की अटूट साझेदारी की।

यह दोनों बल्लेबाज पहली पारी में दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच पाए थे लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने मुश्किल समय पर अच्छा प्रदर्शन करके अपनी टीम को छह अंक दिलाए। हिमाचल प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 253 रन बनाए थे जिसके जवाब में हरियाणा ने 296 रन बनाकर 43 रन की बढ़त हासिल की थी। हरियाणा की तरफ से अंकित राजेश कुमार (59), यशवर्धन दलाल (72) और कनिष्क चौहान (50) ने अर्धशतक बनाए।

हिमाचल प्रदेश की टीम दूसरी पारी में 113 रन पर आउट हो गई थी। हरियाणा की तरफ से तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने 56 रन देकर चार विकेट लिए। उनके अलावा पार्थ वत्स ने 22 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि कनिष्क चौहान और अमन कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए।

राजस्थान-तमिलनाडु मैच ड्रॉ

ग्रुप डी के एक अन्य मुकाबले में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान और तमिलनाडु के बीच मैच ड्रॉ रहा। हालांकि पहली पारी में बढ़त के आधार पर राजस्थान को तीन अंक मिले। राजस्थान ने पहली पारी में 363 रन बनाए थे जिसके जवाब में तमिलनाडु की टीम 274 रन पर आउट हो गई थी। इस तरह राजस्थान को पहली पारी में 89 रन की बढ़त मिली। राजस्थान ने चौथे दिन चार विकेट पर 81 रन से आगे खेलते हुए महिपाल लोमरोर के 84 रन से अपनी दूसरी पारी छह विकेट पर 192 रन बनाकर घोषित कर दी। इससे तमिलनाडु को अंतिम दिन जीत के लिए 282 रन का लक्ष्य मिला।

मैच समाप्त होने के समय तमिलनाडु ने बिना विकेट खोए 73 रन बना लिए थे।

उत्तराखंड ने रेलवे के खिलाफ ड्रॉ के बाद तीन अंक हासिल किए

मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में एक अन्य मुकाबले में उत्तराखंड ने रेलवे के खिलाफ ड्रॉ रहे मैच में पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। रेलवे ने पहली पारी में 192 रन की बड़ी बढ़त गंवा दी थी। इसके बाद दूसरी पारी में चार विकेट पर 272 रन बनाए। रेलवे की ओर से सूरज आहूजा (53), विवेक सिंह (58), ईशान गोयल (53) और भार्गव मेराई (नाबाद 51) ने अहम योगदान दिया।

मुंबई ने तीन दिन के अंदर चंडीगढ़ को हराया, अंक तालिका में शीर्ष पर

वहीं 42 बार की रणजी ट्रॉफी चैंपियन मुंबई तीन दिन के अंदर चंडीगढ़ को करारी शिकस्त देने के बाद बोनस अंक हासिल करने से ग्रुप डी की अंक तालिका में शीर्ष पर है। मुंबई के सात अंक हैं जबकि हरियाणा छह अंक के साथ दूसरे और उत्तराखंड तीन अंक लेकर तीसरे स्थान पर है।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article