Women's ODI World Cup 2025: न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान सोफी डिवाइन ने इस साल आईसीसी महिला विश्व कप के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने मंगलवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि 35 वर्षीय ऑलराउंडर 2025-26 सीजन से केवल सीमित मैचों में ही खेलेंगी।सोफी डिवाइन ने वनडे क्रिकेट में अपना सफर 2006 में महज 17 साल की उम्र में शुरू किया था। शुरुआत में वह नंबर 11 पर बल्लेबाजी करती थीं, लेकिन मेहनत और लगन से उन्होंने खुद को इस फॉर्मेट की सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में शुमार कर लिया।
कप्तान के रूप में उपलब्धियां
सोफी डिवाइन को 2020 में न्यूजीलैंड की स्थायी कप्तान बनाया गया था। उनके नेतृत्व में टीम ने पिछले साल आईसीसी महिला T20 विश्व कप जीता था। हालांकि, वनडे फॉर्मेट में उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली और पिछले दो विश्व कप में टीम ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई।
"अब सही समय है..." - सोफी डिवाइन
अपने फैसले पर बात करते हुए डेविन ने कहा, "मुझे लगता है कि अब यह सही समय है। मैं NZC का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे आगे भी टीम के लिए योगदान देने का मौका दिया। मैं पूरी तरह फोकस्ड हूं और इस विश्व कप तक टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहती हूं। मुझे इस युवा टीम के भविष्य को लेकर बहुत उम्मीदें हैं।"
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने जताया समर्थन
NZC की हेड ऑफ वीमेंस हाई परफॉर्मेंस, लिज ग्रीन ने डेविन के योगदान को सराहा और कहा, "सोफी ने लगभग 20 साल तक व्हाइट फर्न्स और NZC की सेवा की है। हम उनके फैसले का समर्थन करते हैं और खुश हैं कि वह आगे भी कुछ मैचों में टीम का हिस्सा बनी रहेंगी। इससे युवा खिलाड़ियों को भी अवसर मिलेगा।"
कब शुरू होगा न्यूजीलैंड का विश्व कप अभियान?
न्यूजीलैंड की टीम 1 अक्टूबर को इंदौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगी। इस टूर्नामेंट के बाद सोफी डिवाइन का वनडे करियर समाप्त हो जाएगा, लेकिन वह T20 फॉर्मेट में खेलती रह सकती हैं।
