क्रिकेट

IND vs ZIM: 15 साल के वैभव के मुरीद हुए जिम्बाब्वे कप्तान सिकंदर रजा, भारतीयों से कर दी खास अपील

IND vs ZIM: 3 मैच की टी20 सीरीज से पहले जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की खूब तारीफ की है। उन्होंने वैभव जैसे खिलाड़ी को सदियों में मिलने वाली प्रतिभा करार दिया और भारतीय टीम मैनेजमेंट और फैंस से खास अपील की।

Image

सिकंदर रजा और वैभव सूर्यवंशी (साभार-AI Image)

IND vs ZIM: इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की टी20 सीरीज में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी की धूम अब जिम्बाब्वे दौरे पर देखने को मिल सकती है। इंग्लैंड के खिलाफ 3 टी20 मैच खेलने वाले वैभव उस सीरीज में अपनी छाप छोड़ने में असफल रहे थे, लेकिन जिम्बाब्वे दौरे पर उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद है। इस दौरे की शुरुआत 23 जुलाई से होने जा रही है जहां पहला टी20 मुकाबला खेला जाना है। इस मुकाबले से पहले जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने इस 15 साल के युवा सनसनी की खूब तारीफ की है। इसके अलावा उन्होंने भारतीय टीम मैनेजमेंट और फैंस से एक खास गुजारिश की है।

सदियों में आते हैं ऐसे खिलाड़ी

3 मैच की टी20 सीरीज से पहले जिम्बाब्वे के कप्तान और टीम के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी सिकंदर रजा ने वैभव की खूब तारीफ की है। उन्होंने वैभव के बारे में कहा कि इस तरह की प्रतिभा सदियों में देखने को मिलती है। जियो हॉटस्टार से बात करते हुए उन्होंने कहा 'वैभव एक बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं। अगर कोई 15 साल का बच्चा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहा है, तो सिर्फ दो-तीन मैचों के बाद उसकी आलोचना करना उचित नहीं है। अगर उसे सही मार्गदर्शन मिले, तो वह आने वाले समय में अच्छा करेंगे। वो यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में जिस तरह की क्रिकेट खेली है वो अद्भुत है।

इंग्लैंड के खिलाफ वैभव का प्रदर्शन

वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में डेब्यू करने का मौका मिला था। डेब्यू करते ही उन्होंने बतौर भारतीय सबसे कम उम्र (15 साल 99 दिन) के खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इस मुकाबले में उन्होंने 10 गेंद में 14 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की गेंद पर छक्का जड़ा था। 3 मैच में वैभव ने 14 की औसत से 42 रन बनाए थे और उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 15 रन था।

जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैच की टी20 सीरीज में फैंस को उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद है। इसके लिए उन्होंने तैयारी भी शुरू कर दी है। राजस्थान रॉयल्स ने वैभव की प्रैक्टिस का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह लंबे-लंबे शॉट लगाते नजर आ रहे हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article