IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले टीम इंडिया के वनडे फॉर्मट में शुभमन गिल के तौर पर सबसे बड़ा बदलाव हुआ। रोहित शर्मा को हटाकर उन्हें वनडे भी टीम की कमान सौंप दी गई। टेस्ट और वनडे में कप्तान बनने वाले गिल टी20 क्रिकेट में भी टीम इंडिया के उप-कप्तान हैं, जो यह बताती है कि टीम मैनेजमेंट उनमें ऑल फॉर्मेट कैप्टन देख रही है। क्रिकेट पंडितों की मानें तो 2026 वर्ल्ड कप सूर्यकुमार यादव के लिए बतौर कप्तान आखिरी मौका होगा। लेकिन इन चर्चाओं के बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने अजीबोगरीब बयान दिया है। बेहद कम वक्त में भारतीय क्रिकेट में स्टार के तौर पर उभरे गिल को लेकर उथप्पा का मानना है कि पहले उन्हें टीम में जगह फिक्स करनी चाहिए।
पहले टी20 टीम में जगह बनाएं गिल
रॉबिन उथप्पा का मानना है कि उप-कप्तान होना भविष्य में कप्तान बनने की गारंटी नहीं है। गिल को पहले टी20 टीम में जगह बनाने की आवश्यकता है।
उथप्पा ने कहा 'मुझे अब भी लगता है कि गिल को पहले अपनी जगह पक्की करनी होगी। मुझे नहीं लगता कि यह बात खुद तय हो गई कि वह टी20 फॉर्मेट में भी टीम के अगले कप्तान होंगे। हम जानते हैं और देख चुके हैं कि भारतीय क्रिकेट में चीज़ें रातों-रात बदल जाती हैं, हालात बहुत तेज़ी से बदलते हैं। सच कहूं तो, भारत में उप-कप्तानी का बहुत ज़्यादा मतलब नहीं होता। आपने देखा है कि कई उप-कप्तान आगे चलकर कप्तान नहीं बने।
उन्होंने रोहित के वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खेलने पर भी अपनी राय दी। उथप्पा ने कहा कि वह वनडे वर्ल्ड कप 2027 का हिस्सा होंगे अगर फिट रहे। 2016 के बाद यह पहला मौका होगा जब रोहित टीम का हिस्सा तो हैं, लेकिन न तो वह कप्तान हैं और न ही उपकप्तान। टेस्ट कप्तान के तौर पर धमाकेदार आगाज करने वाले गिल के सामने वनडे कप्तान के तौर पर खुद को साबित करने की बड़ी चुनौती होगी।
