क्रिकेट

'सच कहूं तो कुछ भी नहीं कर सकते थे', दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद शुभमन गिल ने कह दी ऐसी बात, फैंस रह गए हैरान

कोलंबो टेस्ट मैच अधिकत्तर समय टीम इंडिया की पकड़ में था। भारतीय टीम जीत की दहलीज पर खड़ी थी, लेकिन सोनल दिनुशा ने अपनी साहसिक पारी की बदौलत ऐसा नहीं होने दिया। अपनी जुझारू नाबाद शतकीय पारी के दम पर भारत को ड्रॉ के लिए मजबूर कर दिया।

Image

मैच ड्रॉ होने के बाद शुभमन गिल का बयान।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रीलंका और भारत के बीच खेला गया दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा। सोनल दिनुशा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारत को जीत से दूर करते हुए ड्रॉ करने पर मजबूर कर दिया। मैच के बाद शुभमन गिल से जब पूछा गया कि वह यह टेस्ट मैच जीतने के लिए क्या कुछ अलग कर सकते थे? इसके जवाब में गिल ने कहा कि कुछ भी नहीं किया जा सकता था।

कोलंबो टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने चौथे दिन अपनी मजबूत पकड़ बना ली थी। श्रीलंका ने दूसरी पारी में 6 विकेट गंवा दिए थे और उनके पास 16 रन की बढ़त थी। पांचवें दिन भारत को चार और विकेट लेने थे। लेकिन, भारतीय टीम मात्र आखिरी सत्र तक मात्र तीन ही विकेट हासिल कर पाई और श्रीलंका ने 200 से ज्यादा रनों की बढ़त हासिल कर ली, जिसे बचे हुए 10 से ज्यादा ओवर में हासिल नहीं किया जा सकता था। ऐसे में मजबूरन गिल ने ड्रॉ के लिए धनंजय डी सिल्वा से हाथ मिलाया और 1-0 से सीरीज पर कब्जा जमाया।

'कुछ भी नहीं कर सकते थे'

टेस्ट मैच जीतने के लिए कुछ अलग करने के सवाल पर गिल ने कहा, सच कहूं तो, कुछ भी नहीं। मेरा मतलब है, हमने लगातार तीन दिनों तक लगभग 250 ओवरों तक फील्डिंग की और हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की। उन्होंने शानदार खेला। मुझे लगता है कि बल्लेबाजों ने बहुत अच्छा खेला, उनके पास कौशल था और थोड़ा सा भाग्य भी उनके साथ था। इसलिए मुझे नहीं लगता कि हम कुछ अलग कर सकते थे। लेकिन यह एक शानदार मैच था और मुझे लगता है कि आज टेस्ट क्रिकेट की जीत हुई।

'टेस्ट क्रिकेट की जीत हुई'

कप्तान गिल ने आगे कहा, हमारे लिए कई सकारात्मक बातें हैं, यहां तक कि विपक्षी टीम से भी हमने बहुत कुछ सीखा। मुझे लगता है कि जिस स्थिति में वे थे, भारी दबाव में थे और जिस तरह से उन्होंने वापसी की, वह देखना अद्भुत था। इससे हमें पता चलता है और हम लंच और टी टाइम में बात कर रहे थे, कि मुझे नहीं लगता कि हम कुछ अलग कर सकते थे। लेकिन सीरीज में हमारे लिए कई सकारात्मक बातें हैं। पडिक्कल शानदार थे, केएल बहुत अच्छे थे, मानव ने शानदार गेंदबाजी की और दोनों तेज गेंदबाजों ने अपनी पूरी ताकत लगा दी। तो मुझे लगता है कि हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की।

श्रीलंका ने दूसरी पारी में खेला 154 ओवर

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने लगातार दूसरी पारी में शतक जमाने वाले श्रीलंका के बल्लेबाज सोनल दिनुशा के शानदार प्रयास से दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच ड्रॉ रहने के बाद कहा कि ’आज टेस्ट क्रिकेट की जीत हुई है।’ भारत ने मैच में अधिकतर समय दबदबा बनाए रखा और वह जीत हासिल करने की अच्छी स्थिति में था, लेकिन सोनल ने दूसरी पारी में दृढ़ता से खेलते हुए एक और जुझारू शतक बनाया। जिससे श्रीलंका 154 ओवर खेलकर ड्रॉ हासिल करने में सफल रहा, जो मेहमान टीम के लिए किसी जीत से कम नहीं था।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article