क्रिकेट

48 घंटे के भीतर युवराज ने करा दी शिखर धवन की क्रिकेट में वापसी

शिखर धवन ने रिटायरमेंट के 48 घंटे के भीतर क्रिकेट में वापसी के संकेत दे दिए। ऐसा लगता है कि उन्होंने अपने साथी युवराज सिंह के न्योते को स्वीकार कर लिया। अब सितंबर में दोबारा वह एक्शन में नजर आएंगे।

Image

युवराज सिंह और शिखर धवन (साभार-X)

24 अगस्त की सुबह शिखर धवन के फैंस के लिए एक बुरी खबर लेकर शुरू हुई जब उन्हें पता चला कि अब 22 गज की पिच पर गब्बर का खौफ नहीं दिखेगा। उन्होंने एक छोटा सा वीडियो शेयर किया और अपने संन्यास की खबर को अपने चाहने वालों के साथ शेयर की। फिर क्या था सोशल मीडिया पर गब्बर के फैंस के अलावा टीम इंडिया में उनके तमाम साथियों की प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई।

विराट से रोहित और युवराज से गिल सबने धवन के साथ अपनी यादों को शेयर किया और उन्हें भविष्य और दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं दी। लेकिन इन तमाम प्रतिक्रियाओं में युवराज सिंह की प्रतिक्रिया सबसे खास थी। उन्होंने धवन को न केवल भविष्य की शुभकामनाएं दी बल्कि नई पारी के लिए निमंत्रण भी दे दिया।

युवराज ने लिखा कि आपके साथ ड्रेसिंग रुम शेयर करना खास रहा। आपकी फियरलेस अप्रोच खासतौर से आईसीसी टूर्नामेंट में खेलने का अंदाज आपको सही मायनों में गब्बर बनाता है। इसके आगे युवराज ने अपनी पोस्ट में उन्हें लीजेंड लीग खेलने का न्योता भी दे दिया।

धवन ने 48 घंटे में की वापसी

युवराज के इस न्योते के 24 घंटे भीतर लीजेंड लीग क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला और धवन की दूसरी पारी का ऐलान कर दिया। लीजेंड लीग क्रिकेट ने एक्स पर शेयर किए गए पोस्ट में लिखा 'सो जाओ नहीं तो गब्बर आ जाएगा, पहली बार यह लाइन सच मालूम पडती है। इस बात की घोषणा करते हुए रोमांचित महसूस कर रहा हूं कि शिखर धवन ने आधिकारिक तौर पर लीजेंड लीग क्रिकेट को ज्वाइन कर लिया है। इस तरह सितंबर में होने वाले लीजेंड लीग में धवन दोबारा गेंदबाजों के छक्के छुड़ाते नजर आएंगे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article