दिल्ली कैपिटल्स की विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने महज 1 दिन के भीतर ही मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। WPL के दूसरे दिन आरसीबी के खिलाफ मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 87 गेंद पर 162 रन की साझेदारी की। दोनों ने मिलकर आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और WPL इतिहास में 150 या इससे ज्यादा रन की साझेदारी का रिकॉर्ड बना लिया।
शेफाली ने 45 गेंद पर 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 84 रन की पारी खेली। यह WPL में किसी खिलाड़ी का सर्वाधिक स्कोर है। उन्होंने 31 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। शेफाली को दिल्ली की टीम ने उनके बेस प्राइस 50 लाख से चोगुने दाम 2 करोड़ में खरीदा था।
शेफाली ने तोड़ा हरमनप्रीत का रिकॉर्ड
शेफाली ने 24 घंटे के भीतर हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। हरमन ने WPL के ओपनिंग मैच में गुजरात जाएंट्स के खिलाफ 30 गेंद पर 65 रन की पारी खेली थी और WPL में सर्वाधिक स्कोर बनाने वाली खिलाड़ी बनीं थी। मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने को मजबूर दिल्ली की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 223 रन बनाए।
