क्रिकेट

World Test Champion South Africa: उम्मीद को इतिहास में बदलने वाले दक्षिण अफ्रीका के लिए लगा बधाईयों का तांता

दक्षिण अफ्रीका के लिए ऑस्ट्रेलिया को पटखनी देकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन का खिताब अपने नाम करते ही बधाईयों का तांता लग गया। सचिन तेंदुलकर और क्रिस गेल जैसे पूर्व धाकड़ खिलाड़ियों ने दिल खोलकर प्रोटियाज की खिताबी जीत और जज्बे की तारीफ की है। जानिए किसने क्या कहा?

Image

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका

लंदन: दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को लॉर्ड्स में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतकर आईसीसी ट्रॉफी के अपने लंबे इंतजार को खत्म किया जिस पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समुदाय से अत्यधिक खुशी, कुछ हद तक आश्चर्य जताते हुए इस टीम के लिए तारीफों की झड़ी लगा दी। महान सचिन तेंदुलकर, क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स और डेल स्टेन जैसे खिलाड़ियों ने प्रोटियाज (दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम का उपनाम) टीम के जज्बे की सराहना की।

एबी ने किया टेम्बा बावुमा को सलाम

टीम की जीत के बाद लॉर्ड्स स्टेडियम में मौजूद डिविलियर्स और पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ की तरफ जब कैमरा मुड़ा तो दोनों अपनी भावनाओं पर काबू करते दिखे। दक्षिण अफ्रीका के इन दोनों महान खिलाड़ियों को कभी ऐसे पल का अनुभव नहीं मिला था। डिविलियर्स ने ‘एक्स’ पर लिखा,'शानदार जीत और बहुत बढ़िया खेल। मैच जीतने वाले शतक के लिए मार्करम और पूरे मैच में इतनी शानदार नेतृत्व और प्रदर्शन के लिए टेम्बा बावुमा को सलाम। खेल के इस खूबसूरत प्रारूप को देखना कितना अविश्वसनीय अनुभव था। इस पल को अपने दो बेटों के साथ रोमांचित और उत्साहित होकर अनुभव करने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता था। ऐसे ही बढ़ते रहो प्रोटियाज।'

उम्मीद को इतिहास में बदला

महान बल्लेबाज तेंदुलकर ने आखिरी पारी में धैर्य और एकाग्रता की प्रशंसा करते हुए एडेन मार्करम और बावुमा की साझेदारी को ‘उम्मीद को इतिहास में बदलने वाला’ करार दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा,'टेस्ट क्रिकेट का जादू जारी है। एक ऐसे फाइनल में जहां हर सत्र की अपनी कहानी थी, दक्षिण अफ्रीका की टीम ने मुश्किल परिस्थितियों में शानदार खेल दिखाया। चौथी पारी में दबाव में मार्करम के धैर्य और बावुमा की जज्बे वाली बल्लेबाजी शानदार रही। एक शतक जिसे याद रखा जाएगा, एक साझेदारी जिसने उम्मीद को इतिहास में बदल दिया। विश्व टेस्ट चैंपियन बनने पर दक्षिण अफ्रीका को बधाई।'

मार्करम और बावुमा ने लिखी जीत की इबारत

मैच के तीसरे और चौथे दिन मार्करम और बावुमा के बीच 147 रनों की साझेदारी ने ऑस्ट्रेलिया के आक्रमण को कुंद कर दिया, जिसमें दोनों बल्लेबाजों ने दबाव में भी धैर्य और एक्रागता का शानदार परिचय दिया। इस जीत के साथ, दक्षिण अफ्रीका न्यूजीलैंड (2021) और ऑस्ट्रेलिया (2023) के साथ डब्ल्यूटीसी मेज के विजेता बन गए। भारत पिछले दो सत्र में उपविजेता रहा था। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने एक ही शब्द में माहौल को बयां कर दिया। उन्होंने लिखा, ‘‘होम (डब्ल्यूटीसी चैंपियन का मेज घर आया)।' हर्शल गिब्स ने टीम की सराहना करते हुए लिखा,'बहुत बढ़िया दक्षिण अफ्रीका की टीम के लिए टॉस से ही सब कुछ सही रहा.. जश्न का लुत्फ उठाइए।'

'मास्टरफुल' मार्करम!

भारत के 1983 विश्व कप विजेता मदन लाल ने भी ‘पीटीआई वीडियो’ से बात करते हुए मार्करम की पारी की सराहना की। उन्होंने कहा, 'यह उनके लिए करियर को परिभाषित करने वाला शतक है वे इससे वाकई बहुत खुश होंगे क्योंकि उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को उनकी पहली विश्व ट्रॉफी जीतने में मदद की थी।' क्रिस गेल ने दक्षिण अफ्रीका की धैर्य की तारीफ करते हुए लिखा,'मास्टरफुल' मार्करम! टेम्बा बावुमा की अगुआई में दक्षिण अफ्रीका की शानदार जीत। यह टेस्ट क्रिकेट के लिए बेहतरीन प्रचार है। आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका को बधाई।'

महाराज नहीं रोक पाए आंसू

मैच के बाद पूर्व कप्तान स्मिथ के साथ एक भावुक साक्षात्कार में बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज अपने आंसू नहीं रोक पाए। उन्होंने कहा,'यह विशेष है, यहां और घर पर सभी के लिए कप उठाना सम्मान की बात है। आंसू भी यह वर्णन नहीं कर सकते कि हम अभी क्या महसूस कर रहे हैं। यह देश के बारे में है,पिछले पांच दिनों में सभी के बीच एकजुटता रही है। हम यहां सभी के लिए बहुत आभारी हैं। यहां और घर पर सभी के लिए यह हमारे लिए बहुत खास है। हम एक टीम के रूप में एक राष्ट्र के रूप में बहुत आभारी हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article