मुंबई: भारतीय क्रिकेट की सबसे महान शख्सियतों में शुमार और क्रिकेट के भगवान के रूप में विख्यात सचिन तेंदुलकर का विश्व चैंपियन बनने का सपना साल 2011 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पूरा हुआ था। लेकिन सचिन तेंदुलकर इस खिताबी मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर धमाल नहीं मचा सके थे। लसिथ मलिंगा ने उन्हें पारी के सातवें ओवर की पहली गेंद पर विकेट के पीछे कुमार संगकारा के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया था। सचिन 14 गेंद में 18 रन बना सके थे।
सचिन बड़ी पारी खेलने में रहे थे नाकाम
जीत के लिए 275 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जैसे ही सचिन तेंदुलकर आउट हुए और टीम का स्कोर 32 रन पर 2 विकेट हो गया। वानखेड़े स्टेडियम में सन्नाटा छा गया था। सचिन मायूसी के साथ पवेलियन वापस लौट रहे थे और युवा विराट कोहली मैदान की ओर आगे बढ़ रहे थे दोनों का बीच बाउंड्री लाइन पर आमना-सामना हुआ और उस दौरान सचिन ने विराट से एक बात कही थी।
अभी भी गेंद थोड़ी हो रही है स्विंग
सचिन ने विराट से उस दौरान क्या कहा था इसका खुलासा 12 साल बाद शुक्रवार को ट्विटर लाइव में हुआ। एक क्रिकेट फैन ने सचिन तेंदुलकर को दोनों की बाउंड्री की मुलाकात की तस्वीर टैग करते हुए पूछा कि आपने विराट कोहली से इस मौके पर क्या कहा था? इसके जवाब में सचिन ने कहा, मैंने उनसे कहा था कि बॉल अभी भी थोड़ा स्विंग हो रही है।
विराट ने गंभीर के साथ मिलकर रोकी थी विकटों की पतझड़
सचिन तेंदुलकर के आउट होने के बाद विराट कोहली ने पारी को गौतम गंभीर के साथ मिलकर संभाला था। विराट ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए 35 रन की पारी खेली थी और टीम को 3 विकेट पर 114 रन तक पहुंचाया था वो दिलशान की गेंद पर फॉलो थ्रू में लपके गए थे। उसके बाद धोनी ने मोर्चा संभालते हुए टीम को गौतम गंभीर के साथ मिलकर जीत दिलाई थी।
