क्रिकेट

Mohmammad Shami Fitness: मोहम्मद शमी की फिटनेस के सवाल पर रोहित शर्मा ने की एनसीए से ये बड़ी मांग

Mohmammad Shami Fitness Update: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गाबा में खेले गए सीरीज के तीसरे टेस्ट के ड्रॉ समाप्त होने के बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने मोहम्मद शमी की फिटनेस के सवाल पर पूछे गए सवाल पर एनसीए से एक बड़ी मांग की है।

Image

मोहम्मद शमी (साभार BCCI Domestic)

ब्रिसबेन: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को कहा कि अब समय आ गया है कि राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) मोहम्मद शमी की फिटनेस पर स्थिति स्पष्ट करे। उन्होंने जोर दिया कि जब तक वे शमी की स्थिति के बारे में सुनिश्चित नहीं हो जाते तब तक मौजूदा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में इस तेज गेंदबाज को उतारने का जोखिम नहीं उठाएंगे। शमी ने हाल ही में समाप्त हुई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान चोट से वापसी की और उन्हें शनिवार से शुरू हो रही विजय हजारे ट्रॉफी के लिए भी बंगाल की टीम में चुना गया है।

रोहित चाहते हैं शमी की फिटनेस के बारे में एनसीए से अपडेट

रोहित ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा,'अब समय आ गया है कि एनसीए से कोई उनके बारे में बात करे। वह हमारी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी है, जहां वह रिहैबिलिटेशन से गुजर रहा है। उन लोगों को ही आकर हमें किसी तरह की अपडेट देने की जरूरत है।' एडिलेड में गुलाबी गेंद से खेले गए टेस्ट के बाद रोहित ने खुलासा किया था कि मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलते समय शमी के घुटनों में सूजन आ गई थी। उन्होंने कहा,'मैं समझता हूं कि वह स्वदेश में बहुत क्रिकेट खेल रहा है। लेकिन उसके घुटने को लेकर भी कुछ शिकायतें हैं। इसलिए हम नहीं चाहते कि खिलाड़ी यहां आए और फिर मैच के बीच में बाहर हो जाए। आप जानते हैं कि जब ऐसा होता है तो क्या होता है।'

नहीं उठाना चाहते हैं शमी को लेकर जोखिम

रोहित ने कहा,'इसलिए हम ऐसा कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। जब तक हम शत-प्रतिशत, दो सौ प्रतिशत सुनिश्चित ना हों, हम कोई जोखिम नहीं लेंगे।'पिछली बार नवंबर 2023 में एकदिवसीय विश्व कप फाइनल में भारत के लिए खेलने वाले 34 वर्षीय शमी टखने की चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहे और उन्हें सर्जरी भी करानी पड़ी।

घुटने में सूजन की वापसी की वजह से हुई देरी

न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी बहुप्रतीक्षित वापसी से ठीक पहले उनके घुटने में सूजन आ गई जिसके कारण उनकी वापसी में देरी हुई। रोहित ने कहा कि अगर शमी पूरी तरह से फिट हैं तो उनके लिए दरवाजे खुले हैं। उन्होंने कहा,'जैसा कि मैंने पिछली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, दरवाजा खुला है। अगर एनसीए के लोगों को लगता है कि वह ठीक होकर खेल सकते हैं तो हमें उनका स्वागत करने में खुशी होगी।'

रेड बॉल क्रिकेट खेलने के लिए तैयार नहीं हैं शमी

पिछले हफ्ते भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया था कि शमी को खुद लगता है कि वह अभी लाल गेंद के क्रिकेट में खेलने के लिए तैयार नहीं हैं। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा,'सूजन आ-जा रही है। वह खुद भी अधिक से अधिक घरेलू क्रिकेट खेलना चाहते हैं। इसके बाद वह प्रति मैच कम से कम तीन स्पैल और 10 ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article