क्रिकेट

IND vs PAK: रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ आतिशी अर्धशतक के साथ पूरा की 'स्पेशल फिफ्टी'

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Sep 10, 2023, 06:56 PM IST

रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर फोर राउंड के मुकाबले में अर्धशतक जड़कर एक साथ कई व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल कर लीं हैं।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

कोलंबो: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर फोर राउंड के मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। रोहित ने अपनी पारी की शुरुआत सधे हुए अंदाज में की। रोहित ने 42 गेंद में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। रोहित 49 गेंद में 56 रन बनाकर आउट हुए।

जड़ा वनडे करियर में 50वां अर्धशतक

रोहित शर्मा का वनडे करियर में यह पचासवां अर्धशतक था। उन्होंने करियर के 247वें वनडे की 240वीं पारी में बल्लेबाजी करते हुए ये उपलब्धि हासिल की। वो 49 गेंद में 56 रन की पारी खेलकर मिडऑफ पर शादाब खान की गेंद पर फहीम अशरफ के हाथों लपके गए। आउट होने से पहले रोहित ने शुभमन के साथ मिलकर टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलाने का काम बखूबी कर दिया था। रोहित और शुभमन के बीच पहले विकेट के लिए 100 गेंद में 121 रन की साझेदारी हुई।

बतौर ओपनर वनडे में ऐसा है रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने वनडे में बतौर ओपनर 159 पारियों में 28 शतक और 37 अर्धशतक जड़े हैं। 50 अर्धशतक में से 13 उनके मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए जड़े हैं।

दस हजारी बनने से चूके

रोहित शर्मा को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले वनडे क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करने के लिए 78 रन की दरकार थी लेकिन वो 56 रन बनाकर आउट हो गए। 10 हजार रन के आंकड़े को छूने से 22 रन दूर रह गए हैं। एशिया कप के दौरान श्रीलंका के खिलाफ 12 सितंबर को हिटमैन ये उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।

ओपनिंग में जड़ा तिहरा शतक

रोहित शर्मा भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज्यादा मैचों में ओपनिंग करने के मामले में तिहरा शतक पूरा करके तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। सचिन तेंदुलकर के नाम भारत के लिए सबसे ज्यादा 346 मैच में ओपनिंग करने का रिकॉर्ड दर्ज है। इस सूची में दूसरे पायदान पर नजफगढ़ के नवाब वीरेंद्र सहवाग 321 मैच के साथ है। वहीं रोहित शर्मा 300 मैच के साथ अब इस सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। चौथे पायदान पर काबिज शिखर धवन ने 268 मैच में भारत के लिए ओपनर की भूमिका अदा की है।

एशिया कप में खेली 50+ रन की 11वीं पारी

पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक के साथ एशिया कप में रोहित शर्मा के नाम 50 रन से ज्यादा की 11 पारियां हो गई हैं। रोहित ने एशिया कप में पचास रन से ज्यादा की 11 पारियों में से 6 पाकिस्तान के खिलाफ और पांच अन्य टीमों के खिलाफ खेली हैं। उनसे ज्यादा 50+ रन की 12 पारियां कुमार संगकारा ने खेली हैं। इस सूची में तीसरे पायदान पर सचिन तेंदुलकर और सनथ जयासूर्या हैं। दोनों ने पचास रन से ज्यादा की 9-9 पारियां एशिया कप में खेली थीं। वहीं विराट कोहली आठ 50+ रन की पारियों के साथ चौथे स्थान पर हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article