क्रिकेट

रोहित शर्मा बने वनडे क्रिकेट इतिहास के दूसरे सबसे तेज 10 हजारी, इस मुकाम पर पहुंचने में लगे 16 साल

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Sep 12, 2023, 04:50 PM IST

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में 10 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के 15वें बल्लेबाज बन गए। जानिए कौन है इस मामले में नंबर वन?

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

कोलंबो: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने एशिया कप में श्रीलंका के खिलाफ सुपर फोर मुकाबले में एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल कर ली। रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर कुसन रंजीता की गेंद पर स्ट्रेट छक्का जड़कर वनडे करियर में 10 हजार रन पूरे कर लिए। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले दुनिया के 15वें बल्लेबाज हैं।

10 हजार रन पूरे करने वाले दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज

रोहित ने ये उपलब्धि करियर के 248वें मैच की 241वीं पारी में हासिल की। इसके साथ ही वो विराट कोहली के बाद वनडे में सबसे तेज 10 हजार रन बनाने के मामले में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। विराट ने 205 पारियों में वनडे में 10 हजार रन पूरे किए थे। रोहित को विराट से 36 पारियां ज्यादा खेलनी पड़ी।

16 साल में पहुंचे इस मुकाम पर

रोहित शर्मा 48 गेंद में 53 रन बनाकर दुनिथ वेल्लागे की गेंद पर गच्चा खाकर बोल्ड हो गए। उनके खाते में 48.93 के औसत और 90.27 के स्ट्राइक रेट से 10031 रन दर्ज हो गए हैं। इस दौरान रोहित ने 30 शतक और 51 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 264 रन रहा है। ये पारी उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ खेली थी। साल 2007 में आयरलैंड के खिलाफ वनडे करियर का आगाज करने वाले रोहित को इस मुकाम पर पहुंचने में 16 साल से ज्यादा का वक्त लग गया।

10 हजार रन पूरे करने वाले छठे भारतीय

रोहित से पहले सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, एमएस धोनी, विराट कोहली 10 हजार रन वनडे में पूरे कर चुके हैं। रोहित भारतीय बल्लेबाजों के स्पेशल क्लब में शामिल होने वाले छठे खिलाड़ी हैं। कुमार संगकारा, रिकी पॉन्टिंग, सनथ जयासूर्या, महेला जयवर्धने, इंजमाम उल हक, जैक कैलिस, क्रिस गेल, ब्रायन लारा और तिलकरत्ने दिलशान भी ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article