क्रिकेट

लॉर्ड्स में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने रोहित, आलोचकों को दिया करारा जवाब

लॉर्ड्स के मैदान पर रोहित शर्मा ने शतक जड़कर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है। 11 पारी के इंतजार के बाद आखिरकार उनके बल्ले से यह शतकीय पारी देखने को मिली है। उनकी यह पारी इसलिए भी खास है क्योंकि वर्तमान में टीम इंडिया के भीतर वनडे वर्ल्ड कप 2027 का ऑडिशन चल रहा है।

Image

रोहित शर्मा (साभार-X)

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक मुकाबले में अपने आलोचकों को अपने ही स्टाइल में करार जवाब दिया। 388 रन का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने अपने वनडे करियर का 34वां शतक जड़ा। शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 147 रन की शानदार साझेदारी करने वाले हिटमैन इस मैदान पर शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। इससे पहले सौरव गांगुली ने इस मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ साल 2004 में 90 रन की पारी खेली थी। 147 के स्कोर पर पहलाविकेट गंवाने के बाद दूसरे छोर पर रोहित ने रन बनाने का सिलसिला जारी रखा और चौका जड़कर अपने वनडे करियर का 34वां शतक जड़ दिया। यह इंग्लैंड की धरती पर रोहित का 8वां शतक है और इसके साथ ही किसी एक देश में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में उन्होंने सचिन को पीछे छोड़ दिया। सचिन ने यूएई में 7 शतक जड़ा था।

84 गेंद में जड़ा शतक

रोहित शर्मा ने वनडे करियर का 34वां शतक केवल 84 गेंद में जड़ा। उन्होंने इस दौरान 11 चौके और 4 छक्के जड़े। रोहित शर्मा का यह शतक इसलिए भी खास है क्योंकि यह 11 पारी के बाद आया है। इससे पहले रोहित ने साल 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी के मैदान में अपना आखिरी शतक जड़ा था। उस मुकाबले में उन्होंने 125 रन की पारी खेली थी।

वनडे में शतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय

इस शतकीय पारी के दम पर रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में शतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। उन्होंने द ग्रेट सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सचिन ने साल 2012 में बांग्लादेश के खिलाफ 38 साल 327 दिन की उम्र में शतक जड़ा था। रोहित ने 39 साल और 80 दिन की उम्र में यह कारनामा कर सचिन को पीछे छोड़ दिया।

इससे पहले इंग्लैंड ने बेन डकेट ने 141 और जैकब बेथल के 91 की पारी के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 387 रन का स्कोर खड़ा किया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 192 रन की साझेदारी की जो इस मैदान पर सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article