क्रिकेट

Rishabh Pant Injury Update: चोट के कारण बीच मैच मैदान से बाहर गए ऋषभ पंत, क्या है ताजा अपडेट

Rishabh Pant Injury Update: ऋषभ पंत के फैंस की चिंता उस वक्त बढ़ गई जब साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ मैच में उन्हें चोट के कारण बाहर जाना पड़ा था। 14 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज की शुरुआत होने जा रही है।

Image

ऋषभ पंत (साभार-X)

Rishabh Pant Injury Update: साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में भारत-ए के कप्तान ऋषभ पंत रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौटे, जिसने भारतीय फैंस को चिंता में डाल दिया है। पंत 14 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं। शनिवार को मुकाबले के तीसरे दिन, पहले सेशन में साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज त्सेपो मोरकी की गेंद पंत के शरीर और हेलमेट पर तीन बार लगी, जिसके बाद उन्हें भारत ए की दूसरी पारी के 34वें ओवर में रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा। उस समय तक पंत 22 गेंदों पर 17 रन बना चुके थे।

ऋषभ पंत इस पारी में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। बार-बार गेंद लगने से पंत तकलीफ में थे। हर बार जब गेंद उनके बल्ले पर लगती, तो पंत दर्द में नजर आ रहे थे। हालांकि, पंत बल्लेबाजी जारी रखने के लिए उत्सुक थे, लेकिन एहतियातन इंडिया-ए के कोच ऋषिकेश कानिटकर और फिजियो को उन्हें मैदान से बाहर ले जाना पड़ा।

ऋषभ पंत जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर मैनचेस्ट में खेले गए मुकाबले में चोटिल हुए थे। क्रिस वोक्स की गेंद उनके पैर पर लगी थी। अंगूठे में फैक्चर के बाद उन्हें ठीक होने में करीब 98 दिनों का समय लगा। सर्जरी के बाद पंत ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में दो महीने रिहैब में बिताए और फिर भारत-ए के लिए खेलने से पहले सितंबर की शुरुआत में ट्रेनिंग शुरू की।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर चुका है। 15 सदस्यीय टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में है। इस टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की वापसी हुई है। वह टीम के उपकप्तान भी हैं। बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में जारी इस मुकाबले की बात करें, तो भारत-ए पहली पारी में 255 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका-ए ने पहली पारी में सिर्फ 221 रन बनाए।

कितनी गंभीर है पंत की इंजरी

14 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रहे दो मैच की टेस्ट सीरीज से पहले फैंस के मन में पंत की इंजरी को लेकर चिंता थी, लेकिन अच्छी खबर है कि उनकी यह चोट गंभीर नहीं है। टी ब्रेक के दौरान उन्हें मैदान पर फुटबॉल खेलते देखा गया, जिससे साबित होता है कि वह पूरी तरह से ठीक हैं और साउथ अफ्रीका के खिलाफ रन बरसाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article