क्रिकेट

टीम इंडिया के कायल हुए पोंटिंग, सूर्या की टीम को बताया अब तक की सबसे बेस्ट

मौजूदा टीम इंडिया को लेकर ऑस्ट्रेलिया को 3 बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले रिकी पोंटिंग ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस फॉर्मेट में सूर्या एंड कंपनी को अब तक की बेस्ट टी20 टीम करार दिया। भारत ने हाल ही में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई थी।

Image

सूर्यकुमार यादव (साभार-X BCCI)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू में बात करते हुए हाल में संपन्न टी20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद उसे अब तक की सबसे मजबूत टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम करार देते हुए कहा कि टीम की गहराई, अनुभव और निरंतरता के कारण सफेद गेंद के क्रिकेट में उसका रिकॉर्ड शानदार है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर अपना तीसरा आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप खिताब जीता और यह खिताब लगातार दूसरी बार जीतने वाली पहली टीम बन गई।

मेंस क्रिकेट की बात करें तो 2023 के अंत से लेकर अब तक हुए चार बड़े आईसीसी टूर्नामेंट में उसे सिर्फ दो मैच में हार का सामना करना पड़ा है। टीम को इस दौरान एक बार 2023 एकदिवसीय विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और दूसरी बार 2026 टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली।

आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल पोंटिंग से जब पूछा गया कि क्या मौजूदा भारतीय टीम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास की सबसे मजबूत टीम है तो उन्होंने ’द आईसीसी रिव्यू’ में कहा, ’’इस बात के खिलाफ तर्क देना बहुत मुश्किल है। अगर आप देखें तो सिर्फ टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम ही नहीं बल्कि पिछले पांच-छह वर्षों में आईसीसी टूर्नामेंट में उनका व्हाइट बॉल फॉर्मेट में रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है।’’ उन्होंने कहा, ’’इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले ही बहुत से लोगों ने शायद यह पहचान लिया था कि मौजूदा भारतीय टीम में कितनी गहराई और ताकत है और साथ ही उनके पास कितना अनुभव है।’’ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा, ’’सिर्फ टी20 टीम नहीं बल्कि भारत की यह सफेद गेंद की टीम बहुत-बहुत मजबूत है। लगातार दो विश्व कप जीतना-इसके लिए उन्हें सलाम।’’

आईपीएल को दिया श्रेय

तीन बार विश्व कप जीतने वाले पोंटिंग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) दोनों जगह दबाव वाले क्रिकेट को खेलने के अनुभव ने टीम को गढ़ने में अहम भूमिका निभाई है। पंजाब किंग्स के मुख्य कोच पोंटिंग ने कहा, ’’इस मौजूदा टीम के बारे में एक बात जिस पर शायद कम ध्यान दिया जाता है, वह यह है कि इन खिलाड़ियों के पास कितना अनुभव है और उन्होंने कितना क्रिकेट खेला है-चाहे वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट हो या फिर सिर्फ आईपीएल।’’ उन्होंने कहा, ’’आईपीएल के मैच अंतरराष्ट्रीय मैच जितने ही बड़े होते हैं इसलिए यह भारतीय टीम बेहतरीन संतुलन और एक शानदार टीम के साथ पूरी तरह से तैयार होकर मैदान में उतरी थी।’’

साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार ने बदली रणनीति

सुपर आठ चरण के दौरान भारत दक्षिण अफ्रीका से 76 रन से हार गया था और पोंटिंग को लगता है कि इस झटके ने टीम को फिर से एकजुट होने में मदद की।

उन्होंने कहा, ’’जब आप लगातार 12 मैच जीतते हैं तो कोई ना कोई खराब दिन जरूर आता है। मुझे खुशी है कि यह जल्दी आ गया। हो सकता है कि भारत को इसी तरह के झटके की ज़रूरत थी।’’ भारत ने इस हार के बाद जबरदस्त बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए अपने बाकी बचे चार मैच में से तीन में 250 से अधिक का स्कोर बनाया जिसमें सेमीफाइनल और फाइनल भी शामिल थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article