क्रिकेट

Ravi Ashwin Retirement: इन भारतीय क्रिकेटरों ने साल 2024 में लिया संन्यास, लिस्ट में ताजा नाम रवि अश्विन

Ravi Ashwin Retirement: ब्रिस्बेन टेस्ट मुकाबले के बाद भारतीय टीम के अनुभवी गेंदबाज रवि अश्विन ने आज इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। आइए जानते हैं कि साल 2024 में भारत के किन क्रिकेटरों ने संन्यास की घोषणा की है।

Image

रवि अश्विन और टीम के अन्य खिलाड़ी। (फोटो- Ravi Ashwin X)

Photo : Twitter

Ravi Ashwin Retirement: साल 2024 में भारत के कई क्रिकेटरों ने संन्यास की घोषणा कर दी। लिस्ट में ताजा नाम दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का है जिन्होंने 18 दिसंबर को ब्रिस्बेन टेस्ट के नतीजे के बाद तीनों प्रारूप से अपने संन्यास की घोषणा कर दी। रविचंद्रन अश्विन ने अपने करियर में 106 टेस्ट मैचों में 537 विकेट लिए। उन्होंने 116 वनडे मैचों में 156 विकेट भी लिए और भारत के महानतम टेस्ट स्पिनर के तौर पर अपना करियर समाप्त किया। अश्विन ने टेस्ट और वनडे में क्रमशः 3,503 और 707 रन बनाकर एक अच्छे ऑलराउंडर की भूमिका भी निभाई।

इस साल भारत के बाएं हाथ के दिग्गज ओपनर शिखर धवन भी अपने करियर को विदाई दे चुके हैं। धवन भारत के शानदार बाएं हाथ के ओपनर रहे जिन्होंने वनडे क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी से रोहित शर्मा के साथ लंबे समय तक शानदार जोड़ी बनाई। संन्यास लेने से पहले धवन लंबे समय तक टीम से बाहर चल रहे थे।

भारत और बंगाल के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा ने भी इस साल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। ऋषभ पंत की चोट के बाद साहा ने भारत के फ्रंटलाइन विकेटकीपर की भूमिका को अंजाम दिया था। कीपिंग स्किल के आधार पर उनको भारत का नंबर एक कीपर भी आंका जाता है। हालांकि पंत की वापसी के बाद साहा का करियर सीमित होना पहले से तय था।

दिनेश कार्तिक एक और विकेटकीपर बल्लेबाज हैं जिन्होंने साल 2024 में क्रिकेट को अलविदा कह दिया। इसके साथ ही वह अब बतौर खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को भी अलविदा कह चुके हैं। कार्तिक पिछले टी20 विश्व कप में अपनी असाधारण वापसी और आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम में गजब की फिनिशिंग क्षमता के कारण सुर्खियों में आए थे।

भारत के बैटिंग लीजेंड विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भी टी20 विश्व कप जीतने के बाद क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप से अपनी विदाई की घोषणा कर दी थी। पिछले एक-दो साल से टी20 क्रिकेट में इन खिलाड़ियों की मौजूदगी काफी कम थी। इन दोनों ने विश्व कप में अंतिम बार अपनी टी20 अंतर्राष्ट्रीय उपस्थिति दर्ज कराते हुए ट्रॉफी भी उठाने में कामयाबी हासिल की। हालांकि दोनों खिलाड़ी फिलहाल आईपीएल का हिस्सा हैं और वनडे व टेस्ट मैचों में भी सक्रिय हैं।

विराट कोहली और रोहित शर्मा की तरह रवींद्र जडेजा ने भी टी20 विश्व कप के बाद अपने टी20 अंतर्राष्ट्रीय करियर को विराम दे दिया। जडेजा इस प्रारूप में एक भी शानदार ऑलराउंडर की भूमिका को अंजाम दे रहे थे। जडेजा टेस्ट और वनडे टीमों का भी अहम हिस्सा हैं और अश्विन के संन्यास के बाद भारतीय जमीन पर होने वाले टेस्ट मैचों में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है।

इन प्रमुख नामों के अलावा भारत के सौरभ तिवारी ने भी इस साल संन्यास की घोषणा कर दी। तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने भी संन्यास ले लिया। एक समय उमेश यादव के साथ वरुण आरोन अपनी रफ्तार और खतरनाक यॉर्कर को लेकर काफी सुर्खियों में आए थे। हालांकि बाद में उनका करियर चोटों ने काफी प्रभावित रहा।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article