क्रिकेट

मुंबई क्रिकेट टीम का साथ छोड़ सकते हैं पृथ्वी शॉ, एमसीए से मांगी NOC

Prithvi Shaw to leave Mumbai Team: भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी पृथ्वी शॉ लंबे समय तक खेलने के बाद अब मुंबई क्रिकेट टीम का साथ छोड़ सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने एनओसी की मांग की है ताकि वे दूसरी टीम से खेल सकें।

Image

पृथ्वी शॉ (फोटो- PTI)

Prithvi Shaw to leave Mumbai Team: भारतीय क्रिकेट के होनहार युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मांगा है ताकि वह आगामी घरेलू सीजन के लिए किसी अन्य राज्य की टीम में शामिल हो सकें। MCA के एक सूत्र ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले पर चर्चा की जाएगी।MCA सूत्र ने इंडिया टुडे को बताया, "हां, उन्होंने हमें NOC के लिए आवेदन किया है। हम इस पर चर्चा करके निर्णय लेंगे।"

फॉर्म और फिटनेस को लेकर चिंताएं

पृथ्वी शॉ का यह कदम पिछले दो सीजन से मुंबई क्रिकेट के साथ चल रही उनकी उथल-पुथल भरी स्थिति के बाद आया है। एक समय भारतीय क्रिकेट के भविष्य के रूप में देखे जाने वाले शॉ को पिछले साल मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम से बाहर कर दिया गया था, जिसमें चयनकर्ताओं ने उनकी फिटनेस को लेकर चिंता जताई थी। हालांकि, वह श्रेयस अय्यर की कप्तानी में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में लौटे और मुंबई को खिताब दिलाने में मदद की, लेकिन उन्हें बाद में विजय हजारे ट्रॉफी टीम से भी बाहर कर दिया गया।

सोशल मीडिया पर जताई निराशा

टीम से बाहर किए जाने के बाद शॉ ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा था, जिसमें उन्होंने चयनकर्ताओं के फैसले पर हैरानी और निराशा जताई थी। उन्होंने लिखा, "भगवान, मुझे और क्या देखना है... अगर 65 पारियों में 3399 रन, 55.7 के औसत और 126 की स्ट्राइक रेट के बाद भी मैं अच्छा नहीं हूं, तो मैं अपने विश्वास को बनाए रखूंगा। उम्मीद है लोग अभी भी मुझ पर विश्वास करेंगे, क्योंकि मैं जरूर वापसी करूंगा... ओम साईं राम।"

MCA ने पहले भी उठाए थे सख्त कदम

पिछले साल, शॉ के इस तरह के बयानों पर MCA ने सख्त प्रतिक्रिया दी थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा था कि शॉ ने बार-बार टीम के नियमों का उल्लंघन किया और बुनियादी फिटनेस मानकों को पूरा नहीं किया। अधिकारी ने कहा, "उनकी फिटनेस, अनुशासन और रवैया खराब है, और हम अलग-अलग खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग नियम नहीं बना सकते। गेंद उनके पास से गुजरती थी, लेकिन वह उसे रोकने का प्रयास भी नहीं करते थे। बल्लेबाजी में भी वह गेंद तक पहुंचने में संघर्ष करते थे।"

यह भी बताया गया कि शॉ अक्सर ट्रेनिंग सेशन मिस करते थे और देर रात तक टीम होटल से बाहर रहते थे, जिससे टीम के भीतर नाराजगी थी। कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों ने भी टीम प्रबंधन के सामने अपनी चिंताएं जताई थीं।

अंतरराष्ट्रीय करियर में गिरावट

पृथ्वी शॉ ने भारत में आखिरी लिस्ट-ए मैच 2022 के विजय हजारे ट्रॉफी में खेला था। पिछले सीजन में, उन्होंने इंग्लैंड के वन-डे कप में नॉर्थम्पटनशायर की ओर से खेलते हुए पांच पारियों में 97, 72, 9, 23 और 17 रन बनाए। मुंबई की टीम से बाहर होने से पहले उनके आखिरी पांच मैचों के स्कोर 32, 54, 39, 51 और 10 रहे।

2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू में शतक जमाने वाले शॉ का करियर तब से लगातार उतार-चढ़ाव का सामना कर रहा है। उन्होंने अब तक सिर्फ पांच टेस्ट खेले हैं, जिनमें से आखिरी 2020 में था। वह 2021 के बाद से अंतरराष्ट्रीय व्हाइट-बॉल क्रिकेट से भी बाहर हैं।इस साल आईपीएल नीलामी में भी शॉ 75 लाख रुपये की बेस प्राइस के बावजूद अनसोल्ड रहे।

अगर MCA उन्हें NOC दे देता है, तो शॉ उन क्रिकेटरों की बढ़ती सूची में शामिल हो जाएंगे, जो अपने करियर को पुनर्जीवित करने के लिए अपने होम स्टेट से बाहर नए अवसर तलाश रहे हैं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article