क्रिकेट

इंग्लैंड दौरे पर फॉर्म बरकरार रखने को तैयार प्रसिद्ध कृष्णा, बोले- 'अब टीम की जरूरतों के अनुसार खेलना सीख लिया है'

Prasidh Krishna Interview: भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा कि उन्होंने टीम की जरूरतों के अनुसार खेलना सीख लिया है और अब वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की अपनी शानदार फॉर्म को इंग्लैंड दौरे पर भी जारी रखना चाहते हैं।चोट से उबरकर वापसी करने वाले प्रसिद्ध ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया और सर्वाधिक विकेट लेकर पर्पल कैप हासिल की।

Image

प्रसिद्ध कृष्णा (फोटो- ICC)

Prasidh Krishna Interview: भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा है कि उन्होंने अब टीम की परिस्थितियों और जरूरतों के अनुसार खेलना सीख लिया है और वे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में अपने शानदार प्रदर्शन को अब इंग्लैंड के आगामी टेस्ट दौरे में भी दोहराना चाहते हैं। चोट से उबरने के बाद मैदान पर वापसी करने वाले इस तेज गेंदबाज ने हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल सीज़न में सबसे अधिक विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की थी।अब प्रसिद्ध कृष्णा की निगाहें 20 जून से लीड्स में शुरू हो रही पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला पर टिकी हैं। भारतीय टीम फिलहाल इंग्लैंड पहुंच चुकी है और वहां अभ्यास सत्र के तहत आपसी अभ्यास मैच खेल रही है।

बीसीसीआई टीवी से बातचीत के दौरान प्रसिद्ध ने कहा कि “आपको यह सुनिश्चित करना होता है कि जब भी मौका मिले, आप उसके लिए पूरी तरह से तैयार रहें। हालांकि जब आप टीम से बाहर होते हैं, तब लंबे समय तक ध्यान केंद्रित बनाए रखना आसान नहीं होता। इसलिए जरूरी है कि आप थोड़ी मौज-मस्ती भी करें और मानसिक रूप से खुद को तरोताजा रखें।”

उन्होंने आगे कहा कि “अब मुझे यह समझ आ गया है कि कैसे परिस्थितियों को पढ़कर टीम के लिए योगदान देना है। जब आप हालात को समझते हैं, तब आप अपनी भूमिका को लेकर ज्यादा स्पष्ट होते हैं। इसीलिए जरूरी है कि हमेशा तैयार रहें, क्योंकि क्रिकेट में कुछ भी कभी भी हो सकता है — यही इसकी खूबसूरती है।”

"स्विच ऑन और स्विच ऑफ करना सीख लिया है": प्रसिद्ध कृष्णा

प्रसिद्ध ने कहा कि अब उन्होंने यह संतुलन बखूबी सीख लिया है कि कब पूरी तरह से ध्यान केंद्रित रहना है (स्विच ऑन) और कब आराम लेना है (स्विच ऑफ)। यह मानसिक रूप से मजबूत बने रहने के लिए बहुत जरूरी है।

अभ्यास मैच से मिलेगा फायदा: टीम के माहौल पर भी बोले

गुजरात टाइटंस की ओर से शानदार आईपीएल सीज़न खेलने वाले प्रसिद्ध कृष्णा को उनके प्रदर्शन के बलबूते टेस्ट टीम में जगह मिली है। उन्होंने इंग्लैंड दौरे की तैयारियों को लेकर कहा कि “हम सभी के लिए यह बेहद जरूरी है कि हम मैदान पर समय बिताएं। यही हमने अभ्यास मैच के दौरान किया। पिच कड़ी और चुनौतीपूर्ण लग रही थी। गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी की और बल्लेबाजों ने भी धैर्य दिखाया। जब आप आपस में ही मैच खेलते हैं तो एक अलग ऊर्जा और माहौल बनता है।”बीसीसीआई की ओर से जारी अपडेट के अनुसार, अभ्यास मैच के पहले दिन कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल ने शानदार अर्धशतक लगाए। वहीं शार्दुल ठाकुर ने गेंदबाजी में असरदार प्रदर्शन करते हुए विकेट भी हासिल किए।

आगामी टेस्ट श्रृंखला को लेकर उत्साहित है टीम इंडिया

प्रसिद्ध कृष्णा जैसे तेज गेंदबाजों की मौजूदगी भारतीय टीम के तेज आक्रमण को मजबूती देती है, खासकर इंग्लैंड की स्विंग और सीम मददगार परिस्थितियों में। टीम इंडिया को उम्मीद है कि वे इस बार विदेशी धरती पर टेस्ट फॉर्मेट में अपना दबदबा कायम रखने में सफल रहेंगे।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!