Yuzvendra Chahal Vaping Video: पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बवाल मच गया है। क्रिकेट फैंस उनके इस वीडियो को लेकर तरह-तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के यूट्यूब ट्रैवल व्लॉग से सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पंजाब किंग्स की टीम हैदराबाद जा रही है। इस दौरान अर्शदीप सिंह कैमरा ऑन करके अपने साथी खिलाड़ियों के साथ रील्स वीडियो बना रहे हैं।
फ्लाइट से सामने आया वीडियो
इसी वीडियो में एक जगह नजर आता है कि युजवेंद्र चहल अपने साथी खिलाड़ी शशांक सिंह के साथ बैठे हुए हैं। इस दौरान वह वेपिंग जैसा कुछ करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट पर क्रिकेट फैंस के बीच तरह-तरह की बातें शुरू हो गई हैं। वीडियो में ऐसा लग रहा है कि जैसे चहल के मुंह से धुआं निकल रहा है। इसके बाद वह खांसते नजर आते हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया है। देखें वीडियो-
हालांकि, कई यूजर्स यह भी कह रहे हैं कि चहल के हाथ में वेप नहीं बल्कि कोई स्प्रे या मिस्ट डिवाइस है। वहीं कुछ लोग यह भी मान रहे हैं कि वह सिर्फ मजाक कर रहे थे। यह कोई असली वेपिंग नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि अर्शदीप सिंह के यूट्यूब चैनल पर यह वीडियो अभी भी मौजूद है, हालांकि, उसमें से यह हिस्सा हटा दिया गया है। हालांकि, उस क्लिप की रिकॉर्डिंग इंटरनेट पर वायरल हो गई है। इसके बाद इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है कि क्या चहल सच में वेपिंग कर रहे थे। इससे पहले चहल का एक और वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह कथित तौर पर लग्जरी कार चलाते हुए सिगरेट पी रहे थे। हालांकि, उस वीडियो की भी सच्चाई की पुष्टि नहीं हो पाई थी।
