Pakistan vs Australia 3rd Test Day 3: पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा तीसरा टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। तीसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है और इसके बाद पाकिस्तान की टीम ने 82 रनों की बढ़त बना ली है। टीम की फिलहाल दूसरी पारी की बल्लेबाजी जारी है। शान मसूद की टीम ने 68 रनों पर ही सात बड़े विकेट गंवा दिए हैं। टीम की तरफ से आमेर जमाल और मोहम्मद रिजवान क्रीज पर मौजूद हैं। इन दोनों पर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाने जिम्मेदारी रहेगी।
तीसरे दिन की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के नाम रही और एलेक्स कैरी और मिचेल मार्श ने शानदार साझेदारी की और टीम के स्कोर को आगे की ओर ले गए। हालांकि बाद में युवा तेंज गेंदबाज आमेर जमाल ने सिडनी में एक बार फिर से अपना जलवा बिखेरा और ऑस्ट्रेलिया की बखियां उखाड़ कर रख दी। जमाल ने एक-एक करके 6 विकेट झटक लिए। ये उनका इस सीरीज का तीसरा 6 विकेट हॉल था।
ऑस्ट्रेलिया की दमदार वापसी
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 299 पर समाप्त हो गई और पाकिस्तान ने 17 रनों की बढ़त ले ली। इसके बाद कंगारुओं ने वापसी का प्लान बनाया और पिच पर सही लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तानी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। पाकिस्तान ने गुच्छों में विकेट गंवाना शुरू कर दिए। ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल गेंदबाज जोश हेजलवुड रहे जिन्होंने एक ओवर में ही मैच का पासा पलट कर रख दिया। उन्होंने मेडन ओवर फेंका और इसमें तीन विकेट झटके।
