IND vs PAK: लीग स्टेज में जब भारत-पाकिस्तान की टीम भिड़ी थी, तो भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का वह कथन सच हुआ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि अब दोनों टीमों के बीच कोई राइवलरी नहीं है। भारत ने पाकिस्तान को उस मुकाबले में 61 रन से मात दी थी। इस जीत के साथ टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने अपनी स्कोर-लाइन 8-1 कर ली थी। अब सवाल उठता है कि क्या दोनों टीम एक बार फिर आमने-सामने आ सकती है। सेमीफाइनल की क्वालिफिकेशन सिनारियों की बात करें तो ऐसा हो सकता है। इसके लिए भारत को अपने ग्रुप में टॉप पर और पाकिस्तान को नंबर दो पर फिनिश करना होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ सुपर-8 का पहला मुकाबला रद्द हो जाने के बाद यह तो तय हो गया कि पाकिस्तान अपने ग्रुप में टॉप नहीं कर पाएगी, क्योंकि अब वह बाकी बचा दो मैच जीत भी लेती है तो उसके 5 प्वाइंट होंगे और इंग्लैंड और श्रीलंका के पास 6 प्वाइंट तक पहुंचने का मौका है।
भारत-पाकिस्तान होता है तो क्या होगा
अगर सेमीफाइनल में भारत-पाकिस्तान मुकाबला होता है तो क्या होगा? इसको लेकर दोनों मुल्कों के पूर्व खिलाड़ियों ने अभी से अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने भारत-पाकिस्तान सेमीफाइनल मुकाबले को लेकर ऐसा बयान दिया है जो हास्यास्पद है। लतीफ ने बातचीत के दौरान कहा कि इस दफा अगर भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हुआ तो हम जीतेंगे। लतीफ यहीं नहीं रुके उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि इस बार डंडे उड़ेंगे डंडे।
टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान हेड टू हेड
2007 में भारत-पाकिस्तान दो बार एक दूसरे से भिड़ी थी। तब से लेकर आज तक दोनों इस टूर्नामेंट में 9 बार एक दूसरे से भिड़ चुकी है। 9 में से 8 मुकाबला भारत ने अपने नाम किया है जबकि केवल एक मुकाबला पाकिस्तान ने जीता है। पाकिस्तान ने एकमात्र मुकाबला साल 2021 में जीता था। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था।
