PAK vs SA 3rd ODI: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज बाबर आज़म ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने तीनों फॉर्मेट मिलाकर अपने 15,000 रन पूरे कर लिए हैं। यह उपलब्धि हासिल करने वाले बाबर पाकिस्तान के सिर्फ पांचवें बल्लेबाज बने हैं।
27 रन की पारी के दौरान हासिल किया मुकाम
बाबर आजम ने यह ऐतिहासिक मुकाम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शनिवार को फैसलाबाद में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में अपनी 27 रनों की पारी के दौरान हासिल किया। इस पारी के बाद तीनों फॉर्मेट में बाबर के कुल रन 15,004 हो गए हैं।बाबर अंतर्राष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में यह उपलब्धि भारत के रोहित शर्मा को पछाड़ते हुए हासिल की थी।
पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय रन
बाबर आजम 15,000 या उससे अधिक रन बनाने वाले पाकिस्तान के पांचवें बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले यह मुकाम चार महान खिलाड़ियों ने हासिल किया था।
- इंजमाम-उल-हक: 20,541 रन
- यूनिस खान: 17,790 रन
- मोहम्मद युसूफ: 17,134 रन
- जावेद मियांदाद: 16,213 रन
- बाबर आज़म: 15,004 रन
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन
वैश्विक स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 664 मैचों में 34,357 रन बनाए हैं।शीर्ष पर चल रहे सक्रिय खिलाड़ियों में विराट कोहली तीसरे नंबर पर हैं, जिनके नाम 553 मैचों में 27,673 रन हैं। कोहली के पास श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा (28,016 रन) को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंचने का शानदार मौका है।
