क्रिकेट

VHT Delhi vs Odisha: ऋषभ पंत फिर हुए नाकाम, ओडिशा के खिलाफ दिल्ली को मिली हार

ऋषभ पंत की अगुआई वाली दिल्ली क्रिकेट टीम को विजय हजारे ट्रॉफी में ओडिशा के खिलाफ मुकाबले में 79 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। ऋषभ पंत का बल्ला एक और मुकाबले में खामोश रहा।

Image

ऋषभ पंत (फोटो क्रेडिट Rishabh Pant X)

अलूर: भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की अगुआई वाला दिल्ली का बल्लेबाजी क्रम विफल रहा जिससे ओडिशा के खिलाफ ग्रुप डी के चौथे मैच में 79 रन की हार के साथ विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय टूर्नामेंट में टीम का विजयी अभियान थम गया। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए जनवरी के पहले हफ्ते में टीम की घोषणा करने की उम्मीद है और ऐसे में सभी की नजरें दिल्ली के कप्तान पंत पर थी। पंत हालांकि ओडिशा के खिलाफ 24 रन ही बना सके जबकि दिल्ली की टीम आठ विकेट पर 272 रन के स्कोर का पीछा करते हुए 43.3 ओवर में 193 रन पर ढेर हो गई।

दिल्ली ने अब तक बल्लेबाजी क्रम में एक ठोस प्रदर्शन की बदौलत जीत दर्ज की हैं लेकिन बुधवार को उसके सभी बल्लेबाज नाकाम रहे जिससे टीम ने अंक तालिका के शीर्ष पर अपनी जगह भी गंवा दी। ओडिशा की टीम 12 अंक और बेहतर नेट रन रेट के कारण शीर्ष पर पहुंच गई है। दिल्ली के भी इतने ही अंक हैं लेकिन टीम चौथे स्थान पर खिसक गई है। रेलवे और हरियाणा के भी 12-12 अंक हैं और इन दोनों का नेट रन रेट भी दिल्ली से बेहतर है।

मौजूदा सत्र में दिल्ली की टीम पहली बार 200 रन के आंकड़े को पार करने में नाकाम रही। शुरुआती तीन मैच में पांच, 70 और 22 रन बनाने वाले पंत बुधवार को 28 गेंद में 24 रन बनाने के बाद देवब्रत प्रधान (28 रन पर तीन विकेट) का शिकार बने। प्रधान और संबित बराल (34 रन पर तीन विकेट) ने दिल्ली की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। ओडिशा के लिए अनुभवी कप्तान बिपलब सामंत्रेय ने 72 रन की उम्दा पारी खेली। निचले क्रम के बल्लेबाजों ने टीम का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। दिल्ली की ओर से ऑफ स्पिनर ऋतिक शौकीन ने 27 रन देकर चार विकेट चटकाए।

दिल्ली की शुरुआत खराब रही और टीम ने छह रन तक ही दोनों सलामी बल्लेबाजों प्रियांश आर्य और सार्थक रंजन के विकेट गंवा दिए। पंत के आउट होने से 11वें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन पर तीन विकेट हो गया जो जल्द ही पांच विकेट पर 55 रन हो गया। हर्ष त्यागी (43) और ऋतिक (32) ने पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन टीम को हार से नहीं बचा पाए। सौराष्ट्र ने अंकुर पंवार (27 रन पर पांच विकेट) की तूफानी गेंदबाजी से आंध्र को 74 रन से हराया। सौराष्ट्र के सात विकेट पर 254 रन के जवाब में आंध्र की टीम 180 रन पर ढेर हो गई। अन्य मुकाबलों में गुजरात ने रेलवे को चार विकेट से शिकस्त दी जबकि अंकित कुमार के नाबाद 144 रन की बदौलत हरियाणा ने सेना के 272 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 43.1 ओवर में तीन विकेट पर 275 रन बनाकर सात विकेट से जीत दर्ज की।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article